साक्षात्कार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
साक्षात्कार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 15 मार्च 2025

साहित्य की शिप्रा में डुबकी लगातीं आशागंगा प्रमोद शिरढोणकर


   उदयपुर, राजस्थान में 8 जून, 1951 को जन्मी आशागंगा प्रमोद शिरढोणकर की शिक्षा-दीक्षा हाड़ौती क्षेत्र कोटा, राजस्थान में हुई तथा उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से संस्कृत साहित्य में परास्नातक किया है। उनको हिंदी, मराठी, संस्कृत, अँग्रेजी़ भाषाओं का ज्ञान है तथा सिंधी उनकी मातृभाषा है। उन्होंने 15 वर्ष में लेखन प्रारंभ किया तथा उनकी लेखन की विधाएँ कविता, कहानी, लघुकथा, हास्य-व्यंग्य, संस्मरण, आलेख, निबंध, रेखाचित्र इत्यादि हैं। उनकी लघुकथाएँ एवं कविताएँ 21 अखिल भारतीय साझा संग्रहों में प्रकाशित हो चुकी हैं तथा शीघ्र ही उनकी लघुकथाओं का संग्रह प्रकाशित होनेवाला है। उन्हें लेखन के क्षेत्र में अनेक पुरस्कार-सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। इस समय वह मध्यप्रदेश के उज्जैन शहर में साहित्य की शिप्रा में नियमित रूप से डुबकी लगाने में मग्न हैं। हमने कुछ प्रश्नों के माध्यम से उनकी साहित्यिक यात्रा के विषय में जानने का लघु प्रयास किया है।

सुमित प्रताप सिंह - आपको लेखन का रोग कब और कैसे लगा?

आशागंगा प्रमोद शिरढोणकर - बचपन से ही मुझे अपने जेबखर्च से धर्मयुग, सा. हिंदुस्तान, पराग, चंदामामा, नंदन, अरुण, सुषमा, सरिता, मुक्ता, माधुरी, नवचित्रपट आदि पत्रिकाएँ खरीदकर पढ़ने का चस्का लग गया था। आठवीं में थी कि समग्र प्रेमचंद, शरतचंद्र, टैगोर, ताराचंद्र बंद्योपाध्याय, अमृता प्रीतम, गुरुदत्त, शिवानी, जैनेंद्र आदि को पढ़ने में ही समय गुज़रने लगा था।    

   मेरे पिता एक साहित्यप्रेमी डॉक्टर थे। उनके पास महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब से डाक द्वारा सिंधी-उर्दू भाषाओं में कई दैनिक समाचार पत्र और पत्रिकाएँ आया करती थीं, उर्दू में ब्लिट्ज़ भी। उनमें पिताजी के लेख भी प्रकाशित हुआ करते थे। शायद पठन-पाठन का गुणसूत्र उन्हीं से विरासत में मिला।  

   1966-67 में मैं ग्यारहवीं में थी। शुरु से ही प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने और बेस्ट स्टूडेंट का पुरस्कार कलेक्टर के हाथों मिलने से हमारी हिंदी विषय की अध्यापिका श्रीमती शकुंतला पाराशर को मुझसे बड़ी आशाएँ थीं। विद्यालयीन वार्षिक गृहपत्रिका ' प्रेरणा ' की वह संपादक थीं और चाहती थीं कि पत्रिका के लिए कोई कविता-कहानी ज़रूर लिखकर दूँ।

     लिखने का तो कोई अनुभव था नहीं। हाँ, गंभीर साहित्य के अध्ययन का अनुभव काम आया। कोशिश करके मैंने कक्षा दूसरी में हुए एक सच्चे अनुभव/संस्मरण को कहानी की तरह लिख डाला। इस तरह आपके शब्दों में ' लिखने का रोग ' लगा नहीं, लगाया गया और पिछले साठ वर्षों से यह संक्रमण यथावत है। 

     अगर कहूँ कि लेखन एक रोग नहीं, वरन एक महौषधि है हमारे मस्तिष्क और जीवन दोनों को ऊर्जस्वित रखने के लिए तो यह सत्योक्ति होगी, अतिशयोक्ति नहीं।

सुमित प्रताप सिंह - लेखन से आप पर कौन-सा अच्छा अथवा बुरा प्रभाव पड़ा? 

आशागंगा प्रमोद शिरढोणकर - लेखन व्यक्तित्व एवं सोच को परिष्कृत व परिमार्जित करने में सहायक होता है। लेखक के सामाजिक अवदान को नकारा नहीं जा सकता। समाज में एक सम्मान्य स्थान पाना भी अच्छा प्रभाव है।

     मुझे नहीं लगता कि लेखन से कोई बुरा प्रभाव भी पड़ता है। हाँ, साहित्यकार के साथ-साथ 'महिला' होने के नाते कुछ अति सम्मानित साहित्यकारों की कुत्सित दृष्टि का भी कभी-कभार सामना करना पड़ जाता है, लेकिन सामाजिक ठेकेदारों की मान्यता तो यह है कि यह पुरुष का दोष नहीं, 'नारी सशक्तीकरण' ही इसकी जिम्मेदार है।

सुमित प्रताप सिंह - क्या आपको लगता है कि लेखन समाज में कुछ बदलाव ला सकता है?

आशागंगा प्रमोद शिरढोणकर - जी हाँ, लेखन प्राचीन काल से ही समाज का दिशा निर्देशक रहा है। क्रूर विधर्मी आक्रमणों और परतंत्रता के दौरान साहित्य लेखन ने ही समाज को सांस्कृतिक रूप से एकजुट रखकर अध्यात्म और भारतीय अस्मिता को जीवित बनाए रखा। गुरु नानक और कबीर का लेखन तो समाज को बदलाव का संदेश देने का जीवंत उदाहरण है। वैसे भी जनजागरण तो लेखन के बिना संभव ही नहीं।

सुमित प्रताप सिंह - आपकी अपनी सबसे प्रिय रचना कौन सी है और क्यों? 

आशागंगा प्रमोद शिरढोणकर - मेरी अपनी प्रिय रचना एक लघुकथा है 'नक़ाबपोश '। 2008 में महाराष्ट्र छोड़कर मैं उज्जैन स्थलांतरित हुई तो यहाँ स्कूल-कॉलेज की युवतियों को नकाबपोशी का अभ्यस्त पाया। बुर्कानशीन की तरह उनकी सिर्फ़ आँखें ही खुली दिखती थीं। मोटरसाइकिल पर लड़के के पीछे चिपककर बैठी नक़ाबपोश बालिका किसी की बेटी या बहन ज़रूर होगी। सार्वजनिक परिवहन में यात्रा के दौरान सामने जब भी और जितनी देर भी ऐसी लड़कियाँ देखती, मुझे अपने भीतर ऑक्सीजन की भारी कमी महसूस होने लगती और मेरा दम घुटने लगता था। विवश हो मुझे अपनी दृष्टि और ध्यान, दोनों को वहाँ से हटाना पड़ता था। एक बार तो सामने बैठी एक लड़की से पूछ ही लिया, "तुम्हें साँस लेने में तकलीफ़ नहीं होती?" वह चुप रही। बाद में सार्वजनिक यातायात साधनों को ही त्यागना पड़ा।

     उसी समय मेरे भीतर एक विचार कौंधा कि अगर विवाह के बाद पर्दे की अभ्यस्त इस लड़की को घूँघट करना पड़ा तो यह ज़रूर विद्रोह पर उतर आएगी...और तभी इस लघुकथा का बीज अंकुरित हो गया।

    पर्दाप्रथा को एक जर्जर रूढ़ि बतानेवाला युवा वर्ग स्वयं इसका कितना आदी हो चुका है, उनके इस विचार-विपर्यय के कारण मुझे अपनी यह रचना प्रिय है।

सुमित प्रताप सिंह - आप अपने लेखन से समाज को क्या संदेश देना चाहती हैं?

आशागंगा प्रमोद शिरढोणकर - मुझ जैसी गुमनाम लघुकथाकार की पुरज़ोर कोशिश रहती है कि लघुकथा लेखन के ज़रिए कोई-न-कोई न-कोई सामाजिक समस्या बीज रूप में उठाऊँ, साथ ही उसका संभावित समाधान और मनोवांछित संदेश भी उसमें गुंफित हो। यदि उस संदेश का प्रभाव एक प्रतिशत पाठक पर भी पड़ता है तो समझूँगी, लेखन सफल हुआ।

बुधवार, 29 जनवरी 2025

साहित्य के मित्र डॉ. देशमित्र त्यागी


    डॉ. देशमित्र त्यागी का जन्म 15 जुलाई, 1978 को उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के महमूदपुर गांव में हुआ। इनके पिता स्वर्गीय श्री योगेंद्र सिंह गांव के एक कृषक एवं प्रसिद्ध समाजसेवी थे। इनका पालन-पोषण एवं माध्यमिक शिक्षा संभल तथा उच्च शिक्षा जे.एस.एच. कॉलेज,अमरोहा में संपन्न हुई। इन्होंने एम.जे.पी. रोहिलखंड विश्वविद्यालय, बरेली से संस्कृत एवं हिंदी विषय में स्नातकोत्तर एवं हिंदी विषय में विद्या वाचस्पति उपाधि प्राप्त की। इन्होंने अभी तक हिंदी साहित्य का संक्षिप्त इतिहास एवं हिंदी भाषा का संक्षिप्त इतिहास, नवीन हिंदी काव्य के प्रमुख साहित्यकार एवं उनकी मुख्य रचनाएं तीन पुस्तक लिखीं हैं तथा इस समय श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय, रजबपुर गजरौला में हिंदी विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत रहते हुए साहित्य से मित्रता भाव रखते हुए साहित्य सृजन में रत हैं। हमने कुछ प्रश्नों के माध्यम से इनकी साहित्यिक यात्रा के विषय में जानने का लघु प्रयास किया है।

सुमित प्रताप सिंह - आपको लेखन का रोग कब और कैसे लगा?

डॉ. देशमित्र त्यागी - मैं कोई लेखक नहीं हूं। परंतु दुख और सुख में व्यक्ति कभी रोता है, कभी हंसता है और कभी गाता है। इसी प्रकार मेरे साथ हुई एक घटना ने मुझे लिखने पर विवश किया। यह घटना मेरे मेले में गुम होने की थी, जिस पर मैंने एक संस्मरण लिखा जिसका नाम था 'यह सूरज कब निकलेगा'।

सुमित प्रताप सिंह - लेखन से आप पर कौन सा अच्छा अथवा बुरा प्रभाव पड़ा?   

डॉ. देशमित्र त्यागी - लेखन साहित्य का वह अंग है जिसमें सराबोर होकर व्यक्ति अपने मन की भावनाओं को समाज में परोसता है। चूंकि मेरे गुरु डॉ. राम अवध शास्त्री जी स्वयं एक ललित निबंधकार थे उनके आशीर्वाद से मुझ पर लेखन का अच्छा प्रभाव ही पड़ा है।

सुमित प्रताप सिंह - क्या आपको लगता है कि लेखन समाज में कुछ बदलाव ला सकता है?

डॉ. देशमित्र त्यागी - यह लेखक के स्वयं के बूते की बात नहीं है। यह तो पाठक पर निर्भर करता है कि लेखक की रचना उसे प्रभावित करती है अथवा नहीं। वर्तमान समय में कुछ लेखकों को छोड़कर अधिकांश लेखक चाटुकार हैं। संभवतः उन सभी का उद्देश्य साहित्य की सेवा करना कम और धनार्जन करना एवं प्रसिद्धि प्राप्त करना अधिक है। वैसे साहित्यकार समाज का वह जिम्मेदार व्यक्ति है, जो अंधे व्यक्ति को भी रास्ता दिखाने का कार्य करता है। इसमें परिवर्तन ग्राहय अथवा अग्राह्य भी हो सकता है।

सुमित प्रताप सिंह - आपकी अपनी सबसे प्रिय रचना कौन सी है और क्यों?

डॉ. देशमित्र त्यागी - यह सूरज कब निकलेगा नामक संस्मरण मेरी प्रिय रचना है। जैसा कि मैंने पहले ही बताया है कि मैं बचपन में मेले में खो गया था। जब मैं अपना घर ढूंढते हुए घर पहुंचा तो मेरी मां मुझे अपनी छाती से लगा कर बहुत रोई थीं। उस घटना के बाद मैंने इस संस्मरण को लिखा था।

सुमित प्रताप सिंह - आप अपने लेखन से समाज को क्या संदेश देना चाहते हैं?

डॉ. देशमित्र त्यागी - प्रथम तो साहित्यकार अपने साहित्यिक कर्म को अपनाएं। समाज के लिए मेरा संदेश अपने माता-पिता की सेवा, परिवार का उचित पालन-पोषण और देश सेवा है। ये ही मेरे साहित्यिक कर्म का उद्देश्य है और सदैव रहेगा।

सोमवार, 2 सितंबर 2024

साहित्य के शूर विनय विक्रम सिंह

     उत्तर प्रदेश के जिले कानपुर में जन्मे, कक्षा पाँच के बाद, पिताजी का ट्रान्सफर लखनऊ होने पर, विनय विक्रम सिंह की आगे की शिक्षा-दीक्षा, नफ़ासत और अदब के शहर लखनऊ में हुई। इन्होंने कला एवं शिल्प महाविद्यालय, लखनऊ से स्नातक किया है तथा हिन्दी, अंग्रेजी, अवधी एवं मराठी भाषाओं में पारंगत हैं तथा वर्तमान में स्वयं स्थापित "ट्विनब्रेन्स" एक सीजीआई स्टूडियो में चीफ क्रिएटिव ऑफिसर के तौर पर एनीमेशन,आर्ट व गेम डिज़ाइन के क्षेत्र में कार्यरत हैं। 

विनय विक्रम सिंह ने भारत के एनिमेशन के पितामह पद्म श्री स्व. राम मोहन के साथ कई एनिमेशन फिल्म्स का दिग्दर्शन और क्रियान्वयन किया है। इन्होंने यूनिसेफ की मीना और मिट्ठू सीरीज़ का एनिमेशन (भारत के लिये), सारा की एनिमेशन सीरीज (अफ्रीका के लिये) एवं 100 से भी अधिक अंतरराष्ट्रीय एनिमेशन धारावाहिकों का एनिमेशन और निर्देशन, स्क्रिप्ट और क्रियान्वयन भी किया है तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, जापान और फ्रांस आदि देशों में गेम डेवलपमेंट के कई प्रोजेक्ट पर कार्य किया है।

       साहित्यिक अभिरुचि व लेखन के बीज इनके मन में सातवीं-आठवीं कक्षा से पड़ने लगे थे। तब रिज़र्व बैंक ऑफ इण्डिया में कार्यरत, इनके पिताजी लाइब्रेरी से उपन्यास लेकर आते थे। गम्भीर साहित्य के पठन-पाठन ने चिन्तन और रचनाशीलता के द्वार खोल दिये। समय के साथ-साथ चलते हुए, स्वाध्याय के द्वारा छंदाधारित कविता, गीत, कहानी एवं लघुकथा इत्यादि विधाओं में अपनी कलम को चलाते चले आ रहे हैं। इन्हें कला एवं लेखन के क्षेत्र में अनेक पुरस्कार एवं सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। तीस वर्षों के अनुभवकाल में, कला के क्षेत्र में इन्हें 40 से अधिक राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय सम्मान के साथ, इन्हें विश्वख्यात "कान्स लायन्स" भी प्राप्त हुआ। विनय विक्रम सिंह अवधी के प्रचार-प्रसार को समर्पित संस्था बैसवाड़ा अवधी संस्थान के संस्थापक भी हैं। हमने कुछ प्रश्नों के माध्यम से साहित्य के शूर विनय विक्रम सिंह की साहित्यिक यात्रा के विषय में जानने का लघु प्रयास किया है।

सुमित प्रताप सिंह - आपको लेखन का रोग कब और कैसे लगा?

विनय विक्रम सिंह - मैं इसे रुचि का नाम देना पसन्द करूँगा। स्वयं को अभिव्यक्त करने के लिये वार्त्ता का गुण सबके पास है किन्तु, काव्य के द्वारा अभिव्यक्ति रचनात्मकता है। काव्य कथ्य का शृङ्गार है। पद्य में जनस्पर्श है, दीर्घजीविता है। मेरा लेखन हाईस्कूल (1987-88) के समय प्रारम्भ हुआ था। तब मेरा लेखन छन्दमुक्त होता था।

सुमित प्रताप सिंह - लेखन से आप पर कौन सा अच्छा अथवा बुरा प्रभाव पड़ा?   

विनय विक्रम सिंह - कोई भी रचनात्मक गतिविधि या रुचि सदैव सकारात्मक गुण उत्पन्न करती है। मेरा संबंध कला क्षेत्र से है। लेखन भी एक रचनात्मक विधा है। कला व लेखन दोनों ही मुझे स्वयं से साक्षात्कार कराते हैं, विविध भाव और कल्पनाओं के द्वारा मुझसे रचना करवाते हैं। यह अनुभव सदैव ही सन्तुष्टि प्रदान करता है, मुझे और भी उत्तरदायी व परिपक्व बनाता है। 

सुमित प्रताप सिंह - क्या आपको लगता है कि लेखन समाज में कुछ बदलाव ला सकता है?

विनय विक्रम सिंह - जी, लेखन बदलाव लाता है और लाता रहेगा। यदि सामाजिक चेतना सुप्त है तो उसे जगाने का कार्य लेखन कर सकता है। लेख, निबन्ध, कविता, कहानी आदि तमाम विधाएँ हैं, जो जनमानस को उद्वेलित कर सकने में सक्षम हैं। किसी भी राष्ट्र की जनचेतना, उसकी संस्कृति और साहित्यिक नींव पर निर्भर होती है।

सुमित प्रताप सिंह - आपकी अपनी सबसे प्रिय रचना कौन सी है और क्यों? 

विनय विक्रम सिंह - मुझे अपने अवधी निर्गुण दोहे और उलटबाँसियाँ प्रिय हैं। वे चिन्तन को परिपूर्ण करते हैं, चित्त में आध्यात्मिक और तात्विक विमर्श को पुष्ट करते हैं।

सुमित प्रताप सिंह - आप अपने लेखन से समाज को क्या संदेश देना चाहते हैं?

विनय विक्रम सिंह - मैं अपने लेखन से समाज के उन विषयों को सामने लाने का प्रयास करता हूँ, जिन पर लिखने से अधिकांशतः रचनाकार कतराते हैं। हर लेखनी प्रखर हो, मुखर हो, क्षणिक स्वार्थ से परे होकर और सत्य लिखे, यही मेरा समाज को सन्देश है।

गुरुवार, 18 अप्रैल 2024

साहित्य का प्रसाद बांटते डॉ.जय शंकर शुक्ल

    पेशे से प्रवक्ता व हृदय से साहित्यकार डॉ जय शंकर शुक्ल राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के शिक्षा निदेशालय में कर्मरत हो साहित्य साधना करते हुए समाज में साहित्य का प्रसाद बांटने में वर्षों से जुटे हुए हैं। अपने मन-मस्तिष्क की भट्टी में समाज के विभिन्न विषय रूपी अन्न को अच्छी तरह भूनकर उसका आटा बना कर व उसमें अपना लेखकीय कौशल रुपी बूरा मिला कर उसकी पंजीरी बना उसे प्रसाद के रूप में देश के हिंदी साहित्य प्रेमियों को बांटने में कई वर्षों से मग्न हैं। शुक्ल जी द्वारा किए साहित्यिक यज्ञ के परिणामस्वरूप इन्हें अनेक साहित्यिक पुत्रों एवं पुत्रियों की प्राप्ति हो चुकी है जो इनके नाम की पताका साहित्य जगत में फहरा रहे हैं। अब तक शुक्ल जी ने लगभग 150 कहानियों की रचना की है, जो अब तक 13 कहानी संग्रहों के रूप में प्रकाशित भी हो चुकी है। साथ ही साथ इनके चार उपन्यास अधूरा सच, पराए लोग, मोरपंखी इंद्रधनुष एवं भावना के स्वर प्रकाशित हो चुके हैं एवं दो उपन्यास प्रकाशन क्रम में है। इसी तरह 14 कविता संग्रह, दो साक्षात्कार संग्रह, समीक्षा और आलोचना की कुल मिलाकर इनकी 40 से अधिक पुस्तकें अब तक प्रकाशित हो चुकी है। हमने कुछ प्रश्नों के माध्यम से इनकी साहित्यिक यात्रा के विषय में जानने का लघु प्रयास किया है।

सुमित प्रताप सिंह - आपको लेखन का रोग कब और कैसे लगा?

डॉ जयशंकर शुक्ल - सुमित जी, जहां तक लेखन की बात है यह मुझमें वंशानुगत है। प्रारंभ से ही अपने साथ घटित घटनाओं को कहीं लिखकर रख लेने की एक प्रवृत्ति रही है। अब यह प्रवृत्ति कितनी सही है अथवा कितनी गलत इसके बारे में तो मैं कुछ नहीं कर सकता। हां इतना जरूर कहूंगा की धीरे-धीरे यह प्रवृत्ति स्थाई होती चली गई। और यह अपने साथ कुछ नए-नए रास्तों को भी बनाती चली गई। यदि आपके प्रश्न के अनुसार लेखन को रोग कहें तो अब यह रोग स्थाई हो चुका है और सुख देने लगा है। 

सुमित प्रताप सिंह - लेखन के प्रारंभिक काल में आपने कौन सी विधा में लेखन किया?

डॉ जयशंकर शुक्ल - मित्र, यदि इसे किसी रचना से केंद्रित करके देखा जाए तो मेरे जीवन की सबसे पहली रचना एक उपन्यास के रूप में रही। लेखक के जीवन में उसकी पहली कृति सबसे महत्वपूर्ण होती है इसलिए नहीं कि वह पहली है बल्कि इसलिए कि वहां से उसकी यात्रा प्रारंभ होती है और इस यात्रा के विभिन्न पड़ावों को जब समीक्षा की दृष्टि से देखा जाए तो ऐसे में जो हालात हमारे सामने उद्घाटित होते हैं वह पहली कृति के आधार भूमि को लेकर ही आगे बढ़ते हैं।

सुमित प्रताप सिंह - लेखन से आप पर कौन सा अच्छा अथवा बुरा प्रभाव पड़ा?

डॉ जयशंकर शुक्ल - अच्छा प्रभाव पड़ा अथवा बुरा प्रभाव पड़ा यह कहना मेरे लिए कठिन है। लेकिन इतना जरुर कहना चाहूंगा कि लेखन अब जीवन बन गया है। आपाधापी के आज के संसार में समाज के द्वारा मिलने वाले खट्टे-मीठे अनुभवों को लिख पाना व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि है। यदि कुछ और साफ लहजे में कहा जाए तो यह एक सात्विक व्यसन बन चुका है। लेखन ने जीवन को परिष्कृत होने में भी मदद की है अपने पूर्व और बाद के जीवन का अवलोकन करने पर मैं कह सकता हूं कि मेरे लेखन ने मैं जो कुछ भी हूं वह मुझे बनाया है। अब यह समाज की तरफ बात जाती है कि वह मुझे अच्छा मानती है तो लेखन का मुझ पर अच्छा प्रभाव पड़ा। और यदि समाज मुझे बुरा मानती है तो लेखन का मुझ पर बुरा प्रभाव पड़ा। मैं समझता हूं इतनी साफगोई के साथ मैं अपना जवाब दे पा रहा हूं।

सुमित प्रताप सिंह - क्या आपको लगता है कि लेखन समाज में कुछ बदलाव ला सकता है?

डॉ जयशंकर शुक्ल - समाज हम सबको साथ लेकर बनता है समाज का परिवर्तन बहुत ही धीमी गति से होता है वास्तव में समाज परिवर्तनशील है और यह परिवर्तन कई कर्म द्वारा संभव हो पता है लेखन इन सब में एक कारण हो सकता है जब हम किसी भी साहित्यिक रचना को आकार प्रदान करते हैं तो उसमें समाज की भूमिका कई रूपों में निश्चित तौर पर होती है और प्रेरणा से लेकर सबक तक यह रचनाएं समाज को निरंतर प्रदान करती रहती है समाज इससे सबक लेकर के स्वयं में सुधार करें तो समाज सुधार जाता है वहीं यदि समाज इसके नकारात्मक पक्षों को अपनाता है तो हम यह कैसे कह पाएंगे कि यह रचनाएं समाज सुधार कर रही है।

सुमित प्रताप सिंह - आपकी अपनी सबसे प्रिय रचना कौन सी है और क्यों?

डॉ जयशंकर शुक्ल - सुमित जी, एक रचनाकार से उसके जीवन में सबसे कठिन प्रश्न यदि कोई है तो वह यही है जो आप पूछ रहे हैं। रचनाकार की सभी रचनाएं उसे प्रिय होती है। उसमें कम प्रिय अथवा अधिक प्रिय का कोई मानक ही नहीं है। रचनाकार जब किसी रचना को आकार देता है तो एक तरह से वह सृजन करता है। और यह सृजन उसके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण कार्य होता है, जो उसे संतुष्टि प्रदान करता है। संतुष्ट प्रदान करने वाला कोई भी कार्य किसी भी व्यक्ति के लिए छोटा अथवा बड़ा नहीं हो सकता ऐसा मेरा प्रबल मत है। मैंने अपने अब तक के साहित्यिक जीवन में हिंदी साहित्य के विविध रूपकारों में अपनी रचनाओं को आकार दिया है। सबसे प्रिय रचना अगर कहे तो अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद जी के जीवन पर लिखित 12 सर्गों का महाकाव्य क्रांतिवीर आजाद मुझे सबसे अधिक प्रिय है। और मेरे दिल के करीब है।

सुमित प्रताप सिंह - आप अपने लेखन से समाज को क्या संदेश देना चाहते हैं?

डॉ जयशंकर शुक्ल - मित्रवर, समाज को संदेश दे सकूं अपने आपको इस लायक मैं नहीं समझ समझता। समाज एक ऐसी इकाई है जो संदेश-निर्देश की परिधि से काफी अलग है। एक व्यक्ति उस समाज रूपी इकाई का एक सदस्य है जो अपने कार्यों के द्वारा अपने समाज में अपना योगदान प्रदान करता है और इस योगदान के आधार पर उसका मूल्यांकन करते हुए सामाजिक संस्थाएं उसका अभिनंदन करती हैं। मेरे अपने विचार से सामाजिक ताने-बाने में व्यक्ति नहीं अपितु उसके कार्य महत्वपूर्ण होते हैं। आपने अपने प्रश्नों के द्वारा मुझे अपने विचार व्यक्त करने का जो अवसर दिया उसके लिए मैं आपका हृदय से आभारी हूं।

शुक्रवार, 24 मार्च 2023

विसंगतियों को सोटा लगाते हलीम आईना

 


     राजस्थान के कोटा शहर के हलीमा आईना पिछले चार दशकों से लेखन कर्म में जुटे हुए हैं। अब तक इनके तीन व्यंग्य कविता संग्रह क्रमशः 'हंसो भी, हंसाओ भी', 'हंसो मत हंसो' एवं 'आईना बोलता है' प्रकाशित हो चुके हैं। इनकी रचनाएं देश-विदेश के पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं तथा अब तक ये कई पुरस्कार व सम्मानों से अपनी झोली को भर चुके हैं। सदैव की भांति हलीम आईना अपने एक हाथ में व्यंग्य कविता का सोटा और दूसरे हाथ में आईना लिए चहलकदमी करते हुए समाज में फैली हुईं विसंगतियों को पहले तो कस कर सोटा लगाते हैं फिर उसके बाद उनके विद्रूप चेहरे को आईना दिखाने का कार्य करते है। हमने कुछ प्रश्नों के माध्यम से इनकी साहित्यिक यात्रा के विषय में जानने का लघु प्रयास किया है।

आपको लेखन का रोग कब और कैसे लगा?

हलीम आईना - देखिए सुमितजी! मैं कविता लेखन को रोग नहीं मानता, यह तो ईश्वर प्रदत्त अति संवेदनशील मनोस्थिति से उपजता है जो दिल की आवाज बनकर लोगों के दिलों में उतर जाता है तथा मनोरंजन के साथ मार्गदर्शन भी करता है। यदि आप व्यंग्य की भाषा में इसे रोग माने तो मुझे ये रोग आठवीं कक्षा में पढ़ते हुए ही लग गया था। हमारे हिन्दी के गुरूजी कहानियाँ लिखते थे तथा हमें अपनी कहानियों के समाचारपत्रो में प्रकाशित होने तथा आकाशवाणी में प्रसारित होने के विषय में समय-समय पर सूचित किया करते थे। इसके साथ ही साथ हमारे कोटा शहर के दहशरे मेले में जब मैं काका हाथरसी, हुल्लड़ मुरादाबादी, शैल चतुर्वेदी व मणिक वर्मा जैसे हास्य व्यंग्य कवियों को सुनता था तो मेरे मन में आता था कि यार ऐसा तो अपन भी लिख सकते हैं। यही सोचकर पहले कुछ कहानियाँ लिखीं फिर सोचा कि किसी एक विधा में ही अपनी पहचान बनानी चाहिए और फिर मैने हास्य व्यंग्य कविता को चुना। मेरी पहली रचना राष्ट्रदूत (साप्ताहिक ) में छपी उसके बाद विभिन्न मंचों पर मेरे काव्य पाठ का सिलसिला भी शुरू हो गया।

लेखन से आप पर कौन -सा अच्छा अथवा बुरा प्रभाव पड़ा?

हलीम आईना - सुमित भाई! कविता लेखन से मुझ पर अच्छा ही प्रभाव पड़ा है। बुराईयों से बचे रहने के संस्कार तो सूफ़ी परिवार में जन्म लेने से जन्मजात थे ही, लेखन ने मुझे एक अच्छा पाठक भी बना दिया। मैं निरंतर अच्छा से अच्छा पढ़ने लगा। ईश्वर की कृपा से समय सीमा में काम करने, शुद्ध लेखन और सामाजिक सरोकार से जुड़े लेखन की तमीज मुझमें धीरे-धीरे विकसित होती चली गयी।

क्या आपको लगता है लेखन समाज में कुछ बदलाव ला सकता है?

हलीम आईना - सुमितजी! जिस कवि या लेखक की कथनी और करनी में अन्तर न हो और मानवता का हित उसके लेखन का उद्देश्य हो तो उसका लेखन निश्चित रूप से समाज में बदलाव लाने का काम करता है। सूफ़ी और संत कवियों ने यह काम किया भी है। इस बात का इतिहास गवाह है। आज भी कुछ लोग हैं जो इस कार्य में जुटे हुए हैं।

आपकी सबसे प्रिय रचना कौनसी है और क्यों?

हलीम आईना - मूलत : मैं हास्य व्यंग्य कवि हूँ या नहीं यह तो आप सब जानते ही होंगे। कवि या लेखक को अपनी हर रचना प्रिय होती है फिर भी आप पूछते हैं तो बता देता हूँ कि 'माँ ' पर लिखा मेरा एक दोहा है जिसे मैंने अपनी माँ के स्वर्गवास के बाद लिखा था मुझे सर्वाधिक प्रिय है -

माँ है मन्दिर का कलश, मस्जिद की मीनार।

ममता माँ का धर्म है, और इबादत प्यार।।

आप अपने लेखन से समाज को क्या सन्देश देना चाहते हैं?

हलीम आईना - सुमितजी! प्रश्न बहुत अच्छा है। मैं अल्प दृष्टि का नाचीज कवि बस इतना सा कहना चाहता हूँ कि कविता विश्व समुदाय को जोड़ती है, तोड़ती नहीं। हम भी इसे जोड़ने का ही काम करें। विश्व में प्रेम, शान्ति, सद्भावना, समता, भाईचारा कायम करें। हर हाल में जीवन की चुनौतियों से डटकर मुकाबला करते रहें। सारे गमों को भूल कर हँसते, मुस्कुराते रहें और आनन्द की नदी में डुबकी लगाते रहें।

साक्षात्कारकर्ता - सुमित प्रताप सिंह 

शुक्रवार, 30 दिसंबर 2022

ऑस्ट्रेलिया में लेखन कौशल दिखातीं रीता कौशल



     ऑस्ट्रेलिया के पर्थ शहर में रह रहीं रीता कौशल मूलरूप से आगरा, उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं। इस समय  वह ऑस्ट्रेलियन गवर्नमेंट की लोकल काउन्सिल में फाइनेंस ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं तथा इसके साथ ही साथ हिंदी लेखन में कौशलता का नियमित रूप से प्रदर्शन कर रहीं हैं। 2002 से 2005 ईसवी तक सिंगापुर में हिंदी शिक्षण कर चुकीं रीता कौशल अब तक चार पुस्तकों का सृजन कर चुकीं हैं एवं इनके कई साझा संग्रह व इनके संपादन में 21 श्रेष्ठ बालमन की कहानियाँ ऑस्ट्रेलिया नामक पुस्तक प्रकाशित हो चुकी है। इसके अतिरिक्त हिंदी समाज ऑफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया की वार्षिक पत्रिका ‘भारत-भारती’ के संपादन की जिम्मेवारी भी इन्होंने 2015 से 2020 ईसवी तक बखूबी संभाली है। इनकी रचनाएँ निरंतर विभिन्न समाचारपत्रों एवं पत्रिकाओं की शोभा बढाती रहतीं हैं एवं इन्हें इनके लेखन के लिए अनेकों पुरस्कार-सम्मान भी प्राप्त हो चुके हैं। हमने कुछ प्रश्नों के माध्यम से इनकी साहित्यिक यात्रा के विषय में जानने का लघु प्रयास किया है।

आपको लेखन का रोग कब और कैसे लगा?

रीता कौशल - जब से पढ़ना-लिखना सीखा तबसे। जहाँ तक मेरी याददाश्त जाती है ऐसा जान पड़ता है कि मैं खिलौनों की दुनिया की सदस्य कभी नहीं थी। हाँ पुस्तकें मुझे होश सम्भालने से ही प्रिय रही हैं व आज भी मेरी सर्वप्रिय मित्र हैं। मैं पुस्तकों के बीच में बेहद ख़ुशी महसूस करती हूँ। मैं ख़रीदकर, माँगकर, दूसरों से अदल-बदल कर हर तरह से पढ़ती रही हूँ। अब जिसे पढ़ने का इतना चस्का हो तो वह लेखन से कैसे अछूता रह सकता है।

लेखन से आप पर कौन सा अच्छा अथवा बुरा प्रभाव पड़ा?

रीता कौशल - मैंने जहाँ विज्ञान, गणित व लेखाकारी जैसे विषयों का ज्ञान जीवन बसर करने के लिए अर्जित किया, वहीं कविता, कहानी, भाषा, साहित्य मेरी आत्मा की खुराक बन कर मेरा जीवन तत्व बने हैं। अब जो चीज जीवन तत्व बन गई है और माँ सरस्वती के आशीर्वाद स्वरूप प्राप्त हुई है उसका कोई बुरा प्रभाव कैसे हो सकता है? लेखन ने मुझे एक अलग पहचान, मान-प्रतिष्ठा दी है। साथ ही समय के सदुपयोग का साधन दिया है। तो कुल मिलाकर सब अच्छा ही अच्छा हुआ है बुरा कुछ नहीं।

क्या आपको लगता है कि लेखन समाज में कुछ बदलाव ला सकता है?

रीता कौशल - जी बिलकुल ला सकता है। जो हम पढ़ते हैं, सोचते हैं उसका सीधा असर हमारी मानसिकता पर पड़ता ही है। और व्यक्ति की सोच से ही समाज की सोच का निर्माण होता है।

आपकी अपनी सबसे प्रिय रचना कौन सी है और क्यों?

रीता कौशल - वैसे तो इस प्रश्न का उत्तर देना किसी भी लेखक के लिए बेहद कठिन होता है। फिर भी आपने पूछा है तो मैं कहूँगी कि हाल ही में प्रकाशित मेरा उपन्यास ‘अरुणिमा’ मेरी सबसे प्रिय रचना है। ये मुझे इसलिए प्रिय है क्योंकि एक तो ये मेरा पहला-पहला उपन्यास है दूसरे इसमें एक अछूते विषय को कलमबद्ध किया गया है जो कि पाठकों के द्वारा खूब सराहा जा रहा है।    

आप अपने लेखन से समाज को क्या संदेश देना चाहती हैं?

रीता कौशल - मैंने अपने लेखन के माध्यम से समाज की सोच में बदलाव लाने का प्रयास किया है। हर कहानी में समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करता हुआ दृष्टिकोण देने की कोशिश की है, जो समाज को एकजुट होने का, अच्छी सभ्यता और संस्कृति, अच्छे संस्कार देने का संकेत देता है। मैंने अपने लेखन में अगर समस्या को उठाया है तो उसके समाधान की बात भी अवश्य की है।

साक्षात्कारकर्ता - सुमित प्रताप सिंह

गुरुवार, 29 दिसंबर 2022

साहित्य रथ पर सवार अभिमन्यु पाण्डेय 'आदित्य'

दिल्ली के रहने वाले अभिमन्यु पाण्डेय 'आदित्य' मूलतः उत्तरप्रदेश, जिसे इन दिनों उत्तम प्रदेश कहा जा रहा है, के प्रतापगढ़ जनपद के रहने वाले हैं। हालाँकि इन्होंने जन्तु विज्ञान से स्नातक की है, किन्तु इनके मन-मस्तिष्क में लेखन के जंतु वास करते हैं जिससे वशीभूत होकर इन्होंने  पत्रकारिता में परास्नातक किया और पूर्ण रूप से लेखन से जुड़ गए। लगभग सोलह वर्ष पत्रकारिता के रथ के रथी की भूमिका का निर्वहन करने के बाद इन्होंने लेखन के जंतुओं की आज्ञा पाकर अपनी प्रथम पुस्तक 'मुखर होता मौन' का प्रकाशन करवाया एवं साहित्य के रथ के रथी होने का भी सौभाग्य प्राप्त किया. साहित्य रथ पर सवार हो अभिमन्यु के मन में  साहित्य के प्रति ऐसी श्रद्धा उपजी कि काव्य संग्रह ‘नीलिमा’ के माध्यम से इन्होंने स्वर्गीय लाल सुरेश प्रताप सिंह ‘तृषित’ जी की रचनाओं व उनके लिए लिखे गए महाकवि सुमित्रानंदन पंत के हस्तलिखित पत्र को भी संकलित  कर एक धरोहर के रूप में प्रकाशित करवा डाला। फिलहाल अभिमन्यु दैनिक भास्कर के उत्तराखंड संस्करण के लिए दिल्ली ब्यूरो हेड के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। हमने कुछ प्रश्नों के माध्यम से इनकी साहित्यिक यात्रा के विषय में जानने का लघु प्रयास किया है।

• आपको लेखन का रोग कब और कैसे लगा?

अभिमन्यु पाण्डेय 'आदित्य' - मेरी नज़र में लेखन को रोग नहीं कहा जा सकता। ये तो माँ शारदा की कृपा होती है, जो अपने आप मिलती है। पढ़ते पढ़ते पता ही चलता, कब आपका लिखने का भी मन होने लगता है। फिर एक दिन आपकी साधना को थोड़ा बल मिलता है और आप कुछ भी लिखते हैं। दुनिया के लिए आपकी पहली रचना चाहे कैसी भी हो, लेकिन आपके अपने लिए वो अद्भुत ही होती है। आप उसे बार-बार पढ़ते हैं और मन ही मन खुश होते हैं। यहीं से आप लेखन के आधीन होना शुरू हो जाते हैं। मेरे साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। हिंदी कविताएं पढ़ने का शौक था। आठवीं कक्षा तक हिंदी कविताओं में खूब रुचि रही। नौवीं कक्षा तक आते-आते एक दिन कुछ पंक्तियां लिखीं। कई बार पढ़ीं। खूब मजा आ रहा था। ऐसा महसूस हुआ कि मैं भी लिख सकता हूँ। फिर दो-तीन तक उन्ही पंक्तियों को दिमाग में घुमाता रहा और अंततः एक कविता तैयार हुई। मैं बता नहीं सकता कि वो क्या खुशी थी। कई परिचितों और दोस्तों को कविता पढ़वाई और सुनाई। मिली-जुली प्रतिक्रियाओं से कभी निराशा तो कभी उत्साह मिला। लेकिन वो दिन बेहद ही खुशी का दिन था, जब एक मित्र के पिताजी ने एक स्थानीय अखबार में उसे प्रकाशित करवाया। बस उसके बाद तो माँ शारदे की कृपा होती चली गई और विभिन्न मुद्दों पर लेखन शुरू हो गया।

• लेखन से आप पर कौन सा अच्छा अथवा बुरा प्रभाव पड़ा?   

अभिमन्यु पाण्डेय 'आदित्य' - समाज में दो प्रकार के लोग होते हैं। एक जो प्रैक्टिकल होते हैं। उन्हें किसी के सुख दुख या जीवन के उतार चढ़ाव का उन पर कोई फर्क ही नहीं पड़ता। समाज के प्रति वो अधिकतर उदासीन रहते हैं। दूसरे होते हैं कुछ भावुक लोग,जो हर बात को दिल से लेते हैं। उस पर गम्भीर विचार करते हैं और उसमें अपनी भावनाएं जोड़ देते हैं और किसी निर्णय तक पहुंचते हैं। लेखन से जुड़ा व्यक्ति हमेशा भावनाओं के अधीन होता है। उसे समाज के प्रत्येक मुद्दे पर चिंतन और मनन की आदत होती है। किसी की पीड़ा,संताप,खुशी,दुख जैसे तमाम भावों से खुद को जोड़ कर ही वो अपने लेखन में उतार देता है। मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ। कई बार इसका लाभ भी होता है तो कई भावनाओं में बहकर नुकसान भी उठाना पड़ता है। संसार में हर प्रकार के लोग हैं। जाहिर है,कुछ भावनाओं की कद्र करते हैं तो कुछ उनसे खिलवाड़।

• क्या आपको लगता है कि लेखन समाज में कुछ बदलाव ला सकता है?

अभिमन्यु पाण्डेय 'आदित्य' - जी बिल्कुल। समाज में आज भी यदि कुछ संस्कार और मानवता बची है तो वो सिर्फ लेखन की बदौलत ही है। इतिहास गवाह है कि समय-समय पर अपने समय के साहित्यकारों व कवियों  की रचनाओं  ने समाज को नई दिशा देने का काम किया है। लेखनीबद्ध होकर ही आज हमारे समाज की संस्कृति जिंदा है।

• आपकी अपनी सबसे प्रिय रचना कौन सी है और क्यों?

अभिमन्यु पाण्डेय 'आदित्य' - वैसे तो मुझे मेरी अधिकांश रचनाओं से प्रेम है, लेकिन मेरी 'परदेशी' और 'बेटी' दो कविताएं मुझे बेहद पसंद हैं। 'परदेशी' कविता में मैंने गांव से शहर आए उस व्यक्ति की पीड़ा को दर्शाने की कोशिश की है, जो शहर में तमाम कष्ट और समझौते झेल कर जीविका कमाता है और उसके परिजन व गांव के यार दोस्त इसे परदेशी कह कर सम्बोधित करने लगते हैं। जिससे वो खुद को गांव से कटा हुआ पाता है। शहर की तकलीफों और समस्याओं में रहते हुए भी जो एक परदेशी के मन में भवनाएं जाग्रत होती हैं, वो कविता के माध्यम से कहने की कोशिश की है। जबकि वहीं 'बेटी' कविता में एक बेटी के जीवन की तमाम पीडाओं को उठाने की कोशिश की है। हमारे समाज मे आज भी बेटी बड़ी होने पर उस पर जो तमाम पाबंदियां आदि लगा दी जाती हैं, वो वास्तव में अपने आप में बहुत निंदनीय है।

• आप अपने लेखन से समाज को क्या संदेश देना चाहते हैं?

अभिमन्यु पाण्डेय 'आदित्य' - लेखन तो होता ही समाज की  दिशा और दशा को सकारात्मक करने के लिए है। ऐसे में मेरी भी कोशिश यही रहती है कि समसामयिक मुद्दों पर अपने विचार सकारात्मक ढंग से रख सकूं। इस साक्षात्कार के माध्यम से मैं समाज से अपील करना चाहता हूँ कि मोबाइल और इंटरनेट के इस युग में लेखन को भी महत्व मिले। आज की पीढ़ी जिस तरह से किताबों से दूरी बना रही है, उससे लेखन में भी लोगों की रुचि कम हो रही है। आज समाज को अच्छे साहित्य की आवश्यकता है, जो समाज को ही प्रोत्साहित करना होगा।

साक्षात्कारकर्ता - सुमित प्रताप सिंह 

सोमवार, 10 अक्टूबर 2022

व्यंग्य की कढ़ाही चढ़ाते रामस्वरूप दीक्षित

    उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में जन्मे रामस्वरूप दीक्षित रीवा विश्वविद्यालय से कला स्नातक हैं। वह देश के विभिन्न समाचारपत्रों एवं पत्रिकाओं में अपनी साहित्यिक उपस्थिति दर्ज करवाने के साथ - साथ लगभग एक दर्जन साझा संग्रहों के सहभागी बन चुके हैं तथा अपनी तीन स्वतंत्र पुस्तकों का सृजन कर रचनाकर्म में निरन्तर रत रहते हुए इन दिनों वह समकालीन व्यंग्य व्हाट्सएप समूह में वरिष्ठ व्यंग्यकारों के साथ बैठकर व्यंग्य की कढ़ाई चढ़ा उसमें रचना रुपी जलेबियां तलने में मग्न हैं। विसंगतियां, विद्रूता, भ्रष्टाचार, अश्लीलता इत्यादि सामाजिक बुराइयां जलेबियों का वेश धर व्यंग्य की कढ़ाही में इस दुर्भावना से कूदने को आतुर हैं, कि वे सब मिलकर उस कढ़ाही का राम नाम सत्य कर डालें, किंतु रामस्वरूप दीक्षित व उनके साथियों के साथ देश - विदेश के लेखक - साहित्यकार उनकी इस कुत्सित योजना के फलीभूत होने से पहले ही उन सबको तलकर करारी जलेबी के रूप में साहित्य प्रेमियों के समक्ष प्रस्तुत कर देते हैं। रामस्वरूप दीक्षित से हमने व्यंग्य की कढ़ाही में जलेबियां तलने से थोड़ी देर के लिए विराम लेकर हमारे कुछ प्रश्नों का समाधान करने का आग्रह किया, ताकि पाठक जन उनकी जलेबी तलने की यात्रा अर्थात साहित्यिक यात्रा को जानने का सुख प्राप्त कर सकें।

आपको जलेबी तलने माफ कीजिए लेखन का रोग कब और कैसे लगा?

रामस्वरूप दीक्षित - लेखन को मैं रोग नहीं, रोगों का इलाज मानता हूं। 1984 से लेखन के क्षेत्र में हूं। देश और समाज में हर क्षेत्र में मनुष्य या व्यवस्था निर्मित करुणाजनक व त्रासद स्थितियों में वांछित बदलाव के प्रति लोगों में चेतना जाग्रत करने के उद्देश्य से कुछ करने के विचार ने लेखन में प्रवृत्त किया। सफर जारी है और शरीर में शक्ति रहने तक जारी रहेगा।

लेखन से आप पर कौन सा अच्छा अथवा बुरा प्रभाव पड़ा?

रामस्वरूप दीक्षित - लेखन को अगर आप सोद्देश्य कर रहे हैं तो इसका प्रभाव आप या पाठकों पर सकारात्मक ही होता है। मेरे लेखन ने मुझे एक बेहतर व चेतनासम्पन्न मनुष्य बनने में मदद की।  अपने पूर्वाग्रहों से हमें हमारा लेखन ही मुक्त करता है। लेखन खुद से भी मुक्ति का मार्ग है। अपने व्यक्ति से परे जाकर ही आप ईमानदार लेखन कर पाते हैं। लेखन आपके भीतर साहस और विपरीत परिस्थितियों से लड़ने की ताकत पैदा करता है।

क्या आपको लगता है कि लेखन समाज में कुछ बदलाव ला सकता है?

रामस्वरूप दीक्षित - निश्चित ही लगता है। अगर यह न लगे तो लिखना व्यर्थ है। समाज में आज तक जो भी अच्छे बदलाव आए वे लेखन की वजह से ही। लेखन बदलाव का सबसे कारगर उपाय है। यद्यपि बदलाव की गति बहुत बार दिखाई नहीं देती क्योंकि वह , बाहरी न होकर अंतर्निहित चेतना के स्तर पर होता है , जिसका बहुत स्थूल रूप से पता लगाना संभव नहीं हो पाता। समय जैसे जैसे बीतता है , यह बदलाव साफ दिखाई देने लगता है। जरूरी नहीं कि लेखक अपने जीवन में अपने लिखे से होने वाले परिवर्तन को देख पाए। यह बात प्रतिबद्ध और ईमानदार लेखन के संदर्भ में ही कही जा रही है, क्योंकि प्रतिगामी व यथास्थितिवादी लेखन भी हर काल में होता रहा है, आज भी हो रहा है।

आपकी अपनी सबसे प्रिय रचना कौन सी है और क्यों?

रामस्वरूप दीक्षित - मैं अपनी हर रचना से बराबर प्रेम करता हूं । रचना हमारी संतान की तरह है जिसे जन्म देने में रचनाकार को , चाहे वह पुरुष हो या स्त्री, गहरी और पीड़ादाई प्रसव वेदना सहन करनी होती है। फिर जन्म लेने वाली संतान कुरूप या विकलांग ही क्यों न हो उससे वैसा ही प्रेम जन्मदाता का होता है जैसा सुंदर ,सुडौल व ताकतवर संतान से। तमाम रचनाओं में से किसी एक रचना का प्रिय होना रचनाकार का खुद की अन्य रचनाओं को अप्रिय सिद्ध करना है। हर रचना की अपनी अलग पहचान, अलग व्यक्तित्व और अलग प्रभाव और रूतवा होता है। बहुत बार कोई रचना अपने रचयिता से भी बड़ी हो जाती है। किसी लेखक की सबसे प्रिय रचना उसके पाठक जी बेहतर बता सकते हैं और उसकी सबसे ताकतवर रचना के बारे में आलोचक।

आप अपने लेखन से समाज को क्या संदेश देना चाहते हैं?

रामस्वरूप दीक्षित - वही जो मेरी रचनाओं में सन्निहित है। लेखक जो भी संदेश समाज को देना चाहता है वह उसकी प्रायः हर रचना में अंतर्निहित होता है। अलग से दिया जाने वाला संदेश , संदेश न होकर उपदेश होता है और मेरे अपने विचार से किसी भी लेखक को उपदेशक की भूमिका से खुद को बचाए रखना चाहिए।उ पदेशकों ने समाज का जाने, अनजाने बहुत अहित किया है और अभी भी कर रहे हैं।ले खक समाज को उपदेश या संदेश न देकर उससे सीधा संवाद करता है। उसकी हर रचना लोक को ही संबोधित होती है।

शनिवार, 2 जुलाई 2022

साहित्य धर्म का निर्वहन करते विजय उपाध्याय

     हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग में बतौर सिविल इंजीनियर कार्यरत विजय उपाध्याय को बीस वर्ष की आयु में साहित्य पढ़ते-पढ़ते एक दिन अनुभव हुआ, कि लेखक नामक जीव इनके मन-मस्तिष्क में भी वास कर रहा है। इस अनुभूति के पश्चात इन्होंने कलम उठायी और लिखने लगे। इनकी पहली रचना राष्ट्रीय दैनिक में प्रकाशित भी हुई। इसके बाद इन्होंने पीछे मुड़कर देखना अनुचित समझा। एक दशक तक इन्होंने दैनिक ट्रिब्यून, अजीत समाचार एवं अमर उजाला में पत्रकारिता की। इनकी रचनाएँ देश के जाने-माने समाचारपत्रों एवं पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रहीं हैं। जहाँ इनके पुरखों ने पंडिताई करके सनातन धर्म का पालन किया, वहीं विजय उपाध्याय वर्षों से हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में अपनी नौकरी के साथ-साथ साहित्य धर्म का निर्वहन कर रहे हैं। हमने कुछ प्रश्नों के माध्यम से इनकी साहित्यिक यात्रा के विषय में जानने का लघु प्रयास किया है।

आपको लेखन का रोग कब और कैसे लगा?

विजय उपाध्याय - लेखन का रोग तो बीस बरस की उम्र में लग गया था, मगर उससे पहले पढ़ने का रोग लग गया। कहानियां मुझे बहुत अच्छी लगती। जब अक्षर ज्ञान हो गया तो पाठ्यक्रमों में लगी पुस्तकों में से कहानियां छांट कर पढ़ने लगा। फिर भाई-बहनों की किताबों से कहानियां ढूंढ कर पढ़ने लगा। घर में पुरखे पंडिताई करते आ रहे हैं इसलिये गीता प्रैस से कल्याण और बाकी किताबें घर आती थी। प्राथमिक शिक्षा ग्रहण करने तक गीता, रामायण, सुख सागर, महाभारत, गरूड़ पुराण और कुछ ज्योतिष की किताबें पढ़ चुका था। हाई स्कूल में पहुंचते और मैट्रिक करने तक पुराण पढ़ने की तीव्र इच्छा हुई तो पिता जी से अनुग्रह किया कि मुझे पुराण पढ़ने हैं। उन्होंने प्रबंध कर दिया तो वो भी पढ़े। बाद में कालेज पहुंचा तो मैग्ज़ीनों से वास्ता पड़ा। लाइब्रेरी में किताबें मिलने लगीं तो जो भी हाथ लगा वह पढ़ डाला। उस के बाद बड़ों और गुरूजनों ने जो सुझाया वह पढ़ डाला। कुख्यात और विख्यात लेखकों को पढ़ना आदत बन गयी। इसी बीच अनुभूति हुई कि आजकल जो कुछ अखबारों और पत्रिकाओं में छ्प रहा है वह तो मैं भी लिख सकता हूँ। पहले फीचर लिखे। जब वो छपे तो हौंसला बढ़ गया फिर लघुकथा और व्यंग्य लिखने लग गया। प्रतिक्रियाएं मिलती तो मन प्रफुल्लित हो जाता। तब तक पत्रकारिता में आ चुका था फिर तो सिलसिला ही चल निकला। लिखने और पढ़ने के अलावा कुछ और नही सूझा। पहली कहानी लघुकथा थी जो बीस बरस की उम्र में लिखी और उस वक्त दैनिक ट्रिब्यून में छपी थी। मैं सोच-समझ कर या जानकर कभी नहीं लिख सका। जब भी कोई बात या मुद्दा मुझे अंदर तक झकझोर देता है, तब लिखने की प्रेरणा देता है। एक तरह से ऊबकाई या प्रसव की तरह। जब तक मैं उसे शब्दों में ढालकर लिख नहीं देता तब तक भीतर की बेचैनी खत्म नहीं होती।

लेखन से आप पर कौन सा अच्छा अथवा बुरा प्रभाव पड़ा?

विजय उपाध्याय - लिखने-पढ़ने का मुझ पर बहुत प्रभाव पड़ा। एक छोटे से गाँव में, जहाँ ज्ञान प्राप्ति का कोई साधन नहीं रहा, किताबें ही मेरी दोस्त, हमसफर और मार्गदर्शक बन गयीं। ज्ञान चक्षु खुले तो आभास हुआ मुझे कुछ नहीं आता। ज्ञान पिपासा से पीड़ित हुए तो लिखने का भी उबाल आने लगा। इसका फायदा यह रहा कि हम जब भी किसी महफिल या विद्वानों के सानिध्य में बैठे और जब हमने संदर्भ सहित लेखन की बात की तो हमें सराहा गया और ज्ञान से आत्मविश्वास पैदा हुआ जो जीवन में बहुत जरूरी है।

क्या आपको लगता है कि लेखन समाज में कुछ बदलाव ला सकता है?

विजय उपाध्याय - लेखन और पठन से ज्ञान की प्राप्ति होती है मगर समाज में उससे बदलाव हुआ इस बारे कुछ नहीं कहा जा सकता। बदलाव लोगों की मानसिकता पर निर्भर है। बीड़ी, सिगरेट और शराब जैसी कई चीजों पर लिखा रहता है कि यह सेहत के लिए हानिकारक है, मगर लोग पढ़ कर भी कहाँ मानते हैं। यही स्थिति लेखन पर भी लागू होती है। लोग पढ़ते हैं मनोरंजन के लिए और फिर उससे सबक तो लेते हैं मगर उपयोग बहुत कम करते हैं। लेखन से हर दिशा का पता चलता है। लेखन हर देश काल का आईना होता है। समझदार लोग उस पर अमल कर अपना जीवन सरल बनाते हैं। अतः यह भी नहीं कहा जा सकता कि लेखन का प्रभाव नहीं होता। कम से कम मानसिक स्थिरता और शांति तो रहती ही है।

आपकी सबसे प्रिय स्वरचित रचना कौन सी है और क्यों?

विजय उपाध्याय - मेरी साहित्यिक रूचि कहानियों में है। अपनी लिखी कहानी की बात करुं तो मुझे 'पापा के नाम' कहानी बहुत प्रिय है। ये बहुत ही मार्मिक कहानी है। सात पोस्ट कार्ड पर बिना कोई शब्द गंवाए कसी हुई कहानी है। इसमें गरीबी और आर्थिक तंगी में फूटती कोंपल है तो बीमारी और बेरोजगारी की लाचारी भी है। ये कहानी निजी स्कूलों के खोखले आदर्शों  और छोटे बच्चों की संवेदनाओं को ताक पर रखती व्यवस्था की भी पोल खोलती है। दूसरी कक्षा की बच्ची के शब्दकोष के हवाले से कहानी कहना आसान नहीं है। अभी तक आलोचना के लिए इस में से कुछ मिला नहीं है। मेरी बेटी जब स्कूल जाने लगी तो वह हर दिन वहाँ घटने वालीं कुछ न कुछ घटनाएं शेयर करती और मैं बडे़ ध्यान से सुनता। इस कहानी का कथानक मेरी बेटी की ही देन है, मैने तो बस पत्र शैली में गूँथा है। ये छोटी और मारक कहानी है इसलिए मुझे सर्वाधिक प्रिय है।

आप अपने लेखन से समाज को क्या संदेश देना चाहते हैं?

विजय उपाध्याय - मैं अपने लेखन से यह संदेश देना चाहता हूं कि जीवन से कृत्रिमता को हटा दीजिए। सरल और प्राकृतिक जियें। आडंबर और दिखावे से दूर रहें, जो व्यवहार आप को पसंद नहीं वह दूसरों से न करें, सरल और विनम्र रहें। जीवन बहुत छोटा है इसे किसी घमंड की छाया में बैठकर बर्बाद न करें।

शनिवार, 18 जून 2022

आसमां छूने का जोश जगाते सुयश कुमार द्विवेदी

 

      उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के सुयश कुमार द्विवेदी पेशे से सहायक लोक अभियोजन अधिकारी हैं, लेकिन हृदय से रचनाकार हैं। अब तक दो पुस्तकें लिख चुके सुयश अपनी कलम पाठकों में उत्साह बढ़ाने के लिए चला रहे हैं। इनकी पहली पुस्तक 'सपनों को अपने जी ले रे' जहाँ आपको अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी, वहीं शीघ्र ही प्रकाशित होने जा रही इनकी दूसरी पुस्तक 'छू ले आसमां' आपके भीतर ऊंचाइयों का आकाश छूने का जोश जगाएगी। सुयश की रचनाएँ विभिन्न समाचारपत्रों एवं पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं तथा लेखन के लिए शोभना सम्मान-2020 समेत अनेकों पुरस्कार-सम्मान प्राप्त कर चुके हैं। हमने कुछ प्रश्नों के माध्यम से इनकी साहित्यिक यात्रा के विषय में जानने का लघु प्रयास किया है।

आपको लेखन का रोग कब और कैसे लगा?

सुयश कुमार द्विवेदी -  मुझे हिंदी साहित्य पढ़ने का शौक बचपन से ही है। जब मैं कक्षा चौथी में था, तभी से मेरी दिलचस्पी कहानियों, कविताओं एवं नाटकों के प्रति काफी गहरी हो गयी। जब मैं कोई भी कहानी या काव्य की पुस्तक पाता तो उसे एक बार में पढ़ कर ही साँस लेता था। पढ़ते-पढ़ते कब मैंने लिखना शुरू कर दिया, मुझे ठीक से याद नहीं है। जहाँ तक मुझे याद है मैंने आठवीं कक्षा में अपनी  पहली कविता 'प्रेरणा' की रचना की थी।

लेखन से आप पर कौन सा अच्छा अथवा बुरा प्रभाव पड़ा?

 सुयश कुमार द्विवेदी - लेखन से मेरे जीवन पर बहुत ही सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। मुझे यह लगता है कि व्यक्ति के जीवन में सबसे अच्छा दोस्त कोई होता है, तो वो होती है पुस्तकें। मैंने अपने अब तक जीवन में सैकड़ों कहानियां, कविताएँ एवं दर्जनों उपन्यासों को पढ़ा है। आत्मकथा, यात्रा वृतांत, लघुकथाएं एवं नाटकों की कोई गिनती नहीं है। कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की लेखनी की सहजता और सरलता का मैं कायल रहा हूं। लेखन से व्यक्ति के जीवन में नए-नए विषयों के अध्ययन की जिज्ञासा, चिंतन की गुणवत्ता, व्यक्तित्व का निखार, समय की पाबंदी, आत्म अनुशासन एवं सकारात्मक दृष्टिकोण का विकास होता है और ऐसा मैंने अनुभव भी किया है। 

क्या आपको लगता है कि लेखन समाज में कुछ बदलाव ला सकता है?

सुयश कुमार द्विवेदी - कहते हैं कि साहित्य समाज का दर्पण होता है। लेखन से समाज में व्यापक प्रभाव पड़ता है। हर काल में समाज के चिंतकों, मनीषियों, ऋषियों, लेखकों एवं कवियों ने अपने लेखन के माध्यम से समाज को जागृत करने का पुरजोर यत्न किया है और वे काफी हद तक समाज में व्यापक परिवर्तन लाने में सफल रहे। जब-जब समाज को जरूरत पड़ी, इन लोगों ने समाज का मार्ग प्रशस्त किया है एवं अपनी लेखनी चलाकर समाज को दर्पण दिखाया है। संत कबीर का लेखन इसका सर्वोत्तम उदाहरण है।

आपकी सबसे प्रिय स्वरचित रचना कौन सी है और क्यों?

सुयश कुमार द्विवेदी - मैंने अब तक दो सौ से अधिक कविताओं और गीतों की रचना की है। मुझे मेरी सभी रचनाएँ पसंद हैं, क्योंकि मैं रचनाएँ व्यवसाय के लिए नहीं अपितु आत्मसंतुष्टि के लिए लिखता हूँ। मैं लिखता हूँ क्योंकि मुझे लिखना पसंद है। मेरी सबसे प्रिय रचना 'सुबह का अखबार' है। इस रचना के लिए मुझे गोरखपुर विश्वविद्यालय से प्रथम पुरस्कार भी मिल चुका है।

आप अपने लेखन से समाज को क्या संदेश देना चाहते हैं?

सुयश कुमार द्विवेदी - सच कहूँ तो मैं अपने लेखन से समाज से कोई संदेश अभी नहीं दे सकता, क्योंकि मैं अपने आपको इस योग्य ही नहीं समझता। समाज को संदेश देने का कार्य बड़े लेखकों एवं कवियों का है। जैसा कि मैंने पहले ही कहा है कि मैं आत्मसंतुष्टि के लिए लिखता हूँ और अगर मेरे लेखन से यदि कोई व्यक्ति प्रेरणा पा सके तो यह मेरे लिए गौरव का विषय होगा।

शनिवार, 11 जून 2022

साहित्य के दीप जलातीं कात्यायनी सिंह 'दीप'

     कात्यायनी सिंह 'दीप' बिहार के सासाराम में पिछले कुछ वर्षों से साहित्य के दीप जला रहीं हैं। स्कूली शिक्षा के दौरान साहित्य के प्रति लगाव धीमे-धीमे इन्हें पाठन से लेखन की ओर खींच लाया। विज्ञान से स्नातक कात्यायनी की रचनाएं देश के प्रतिनिधि समाचारपत्रों एवं पत्रिकाओं  में उपस्थिति दर्ज करवा चुकी हैं तथा इनकी तीन पुस्तकें साहित्य जगत में पदार्पण कर चुकी हैं। हमने कुछ प्रश्नों के माध्यम से इनकी साहित्यिक यात्रा के विषय में जानने का लघु प्रयास किया है।

आपको लेखन का रोग कब और कैसे लगा?

कात्यायनी सिंह 'दीप' - साहित्य में मेरी रूचि बहुत पहले से ही है। मेरे माता-पिता दोनों साहित्य प्रेमी थे। घर में पत्रिकाएं और साहित्यिक पुस्तकें आया करती थी। शिवानी मेरी प्रिय लेखिका रही हैं। इनके सभी उपन्यास मैंने दसवीं कक्षा में ही पढ़ लिए थे। बाद के दिनों में रेणु, चित्रा मुद्गल, मनोहर श्याम जोशी, प्रभा खेतान एवं उषा प्रियंवदा इत्यादि लेखकों को भी पढ़ती रही। लेखन का रोग मुझे चार या पांच साल से लगा है। एक दिन एक कहानी को पढ़ते समय मुझे अनुभव हुआ, कि ऐसी कहानियां तो मैं भी लिख सकती हूँ। तब से अब तक लेखन से जुड़ी हुई हूँ और जुड़ाव ऐसा है कि यह एक रोग सा ही हो गया है।

लेखन से आप पर कौन सा अच्छा या बुरा प्रभाव पड़ा?

कात्यायनी सिंह 'दीप' -  लेखन से बुरा प्रभाव तो कभी नहीं पड़ा, बल्कि अच्छा ही प्रभाव पड़ा है। खुद की बातों को लेखन के माध्यम से व्यक्त करना, सकारात्मक सोच को बढ़ावा देता है। 

क्या आपको लगता है कि लेखन समाज में कुछ बदलाव ला सकता है?

कात्यायनी सिंह 'दीप' - हाँ, लेखन समाज में बिल्कुल बदलाव ला सकता है। हम लेखक लिखते ही हैं कि समाज में कुछ बदलाव ला सकें। और बदलाव आया भी है। सबसे बड़ा बदलाव तो स्त्रियों की स्थिति में आया हैं। शिक्षा का बदलाव,  अपनी इच्छाओं को व्यक्त करने का बदलाव, अपने अनुरूप काम करने का बदलाव, गलत परम्पराओं को नकारने का बदलाव, विवाह को लेकर सही-गलत फैसला करने का बदलाव,  मनपसंद कैरियर चुनने का बदलाव, समाज में व्याप्त  विसंगतियों में बदलाव।  लिखना और बोलना गलत के खिलाफ प्रतिरोध ही तो है। और प्रतिरोध दर्ज हो रहा है तथा समाधान भी मिल रहा है।

आपकी सबसे प्रिय रचना कौन सी है और क्यों?

कात्यायनी सिंह 'दीप' - जिस प्रकार माँ को अपने सभी बच्चे एक समान प्रिय होते हैं, उसी प्रकार एक लेखक को उसकी प्रत्येक रचना प्रिय होती है। हाँ कुछ रचनाएं होती हैं जो खास हो जाती है। मुझे अपनी दो रचनाएँ सर्वाधिक प्रिय हैं जो कि क्रमशः 'सुर्ख रंग' और 'बदतमीज' हैं। इनके सर्वाधिक प्रिय होने का कारण इनमें निहित संदेश है। जहाँ 'सुर्ख रंग' नामक कहानी में इसके पात्र पति-पत्नी अलग-अलग धर्म व जाति के होते हुए भी एक-दूसरे का सम्मान करते हुए खुशहाल वैवाहिक जीवन बिताते हुए समाज को प्रेम व सौहार्द का संदेश देते हैं। वहीं 'बदतमीज' नामक कविता ऐसी लड़की की करुण व्यथा है, जो विवाह के पश्चात ससुराल और ससुरालियों को प्रेम व सम्मान देने के बावजूद उनसे अपमान व वितृष्णा ही पाती है।

आप अपने लेखन से समाज को क्या संदेश देना चाहती हैं?

कात्यायनी सिंह दीप -  मैं अपने लेखन के माध्यम से समाज में फैली विसंगतियों, गलत परम्पराओं की समाप्ति एवं स्त्रियों के लिए समाज में स्थान और सम्मान दिलवाना चाहती हूँ।

बुधवार, 8 जून 2022

कलम घिसतीं संगीता सिंह तोमर

      संगीता सिंह तोमर दिल्ली में ही जन्मीं व पढ़ी-लिखीं। जब संगीता स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद कॉलेज में पहुँचीं तो उनके हृदय में साहित्य के प्रति प्रेम जाग्रत हुआ। रचना को पढ़ कर उसकी  समालोचना करना उनकी आदत में शुमार हो गया । समालोचना करते-करते एक दिन संगीता लेखिका बन गयीं। इनके लेखन का शुभारंभ ब्लॉग लेखन से हुआ। ऐसा समय भी आया कि इनका ब्लॉग 'कलमघिस्सी' इतना चर्चित हुआ, कि विश्व की चर्चित महिला हिंदी ब्लॉगरों में सूची में संगीता का नाम सम्मिलित किया गया। लघुकथा, आलेख, कहानी, बाल कहानी, व्यंग्य व कविता इत्यादि विधाओं में संगीता कई वर्षों से अपनी कलम घिस रही हैं। फिलहाल साहित्य सेवा करते हुए संगीता उच्च शिक्षा प्राप्त करने में व्यस्त हैं। हमने कुछ प्रश्नों के माध्यम से इनकी साहित्यिक यात्रा के विषय में जानने का लघु प्रयास किया है।

आपको लेखन का रोग कब और कैसे लगा?

संगीता सिंह तोमर - मुझे साहित्य पढ़ने का बचपन से शौक रहा है। पढ़ते-पढ़ते एक दिन लिखने लगी। शुभचिंतकों की शुभकामनाओं से मेरी रचनाओं को प्रकाशन का सौभाग्य मिला और इस प्रकार मेरी लेखन की गाड़ी चल पड़ी।

लेखन से आप पर कौन सा अच्छा अथवा बुरा प्रभाव पड़ा?

संगीता सिंह तोमर - जहाँ तक मेरा अनुभव है कि लेखन से मेरे व्यक्तित्व पर अभी तक तो कोई बुरा प्रभाव नहीं पड़ा है, बल्कि ये कहा जाये तो अतिश्योक्ति नहीं होगी कि मुझ पर लेखन से अच्छा प्रभाव ही पड़ा है।  जीवन में सकारात्मकता आयी है और नकारात्मकता दूर हुई है।

क्या आपको लगता है कि लेखन समाज में कुछ बदलाव ला सकता है?

संगीता सिंह तोमर - बिलकुल लगता है। मेरे विचारानुसार लेखन में वह शक्ति है जो समाज में बदलाव लाने की भूमिका का निर्वहन कर सकती है।

आपकी सबसे प्रिय रचना कौन सी है और क्यों?

संगीता सिंह तोमर - वैसे तो मुझे अपनी सारी रचनाएँ ही प्रिय हैं, किंतु मुझे मेरी कविता 'मुझे जन्म दो माँ' विशेष रूप से प्रिय है। भ्रूण हत्या से व्यथित होकर इस रचना का सृजन हुआ था। इस कविता का विषय मेरे मन को बहुत ही अधिक भाता है।

आप अपने लेखन से समाज को क्या संदेश देना चाहती हैं?

संगीता सिंह तोमर - प्रत्येक लेखक अपने लेखन से समाज को संदेश देना चाहता है। मैं भी उनमें से एक हूँ। अब ये समाज पर निर्भर करता है कि वह मेरी रचनाओं से संदेश लेना भी चाहता या नहीं।

शनिवार, 4 जून 2022

साहित्य की संदूकची भरतीं रुपाली सक्सेना

      मध्यप्रदेश के भोपाल के हर्षवर्धन नगर क्षेत्र की रुपाली सक्सेना की हिंदी साहित्य से भेंट एक पाठक के रूप में हुई थी। पेशे से वस्त्र सज्जाकार रूपाली सक्सेना का साहित्य से इतना लगाव हो गया, कि एक दिन इन्होंने लिखना भी आरंभ कर दिया। इनकी लेखन यात्रा का शुभारंभ इतना धुंआधार हुआ, कि इनकी रचनाएं देश भर के समाचारपत्रों एवं पत्रिकाओं की शोभा बढ़ाने लगीं। इनके द्वारा किए गए साहित्यिक परिश्रम के फलस्वरूप इनकी पहली पुस्तक 'स्नेह की संदूकची' प्रकाशित हुई व कुछ साझा संकलनों में भी इनकी रचनाओं ने अपनी दमदार भागीदारी सुनिश्चित की। अब तक रुपाली सक्सेना अपने लेखन के लिए कई सम्मान व पुरस्कार प्राप्त कर चुकीं हैं तथा अपनी साहित्य की संदूकची में नित प्रतिदिन नई-नई रचनाओं एवं सम्मान व पुरस्कारों को भरने में रत हैं। हमने इनसे कुछ प्रश्नों के माध्यम से इनकी साहित्यिक यात्रा के विषय में जानने का लघु प्रयास किया है।

आपको लेखन का रोग कब और कैसे लगा?

रुपाली सक्सेना - मेरी पारिवारिक पृष्ठभूमि साहित्यिक है अतः साहित्य से मेरा जुड़ाव बचपन से ही था। स्कूल-कॉलेज के दिनों में भी मैं साहित्यिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया करती थी। मैं लिखती तो थी, लेकिन अपने मन के उद्गारों को लिखकर मैं अपनी डायरी में छिपा दिया करती थी। विवाह होने के कई वर्षों के बाद अपनी बड़ी बहनों के प्रोत्साहन के बाद मैंने फिर से लिखना आरंभ कर दिया।

लेखन से आप पर कौन सा अच्छा अथवा बुरा प्रभाव पड़ा?

रुपाली सक्सेना - लेखन से मुझ पर बुरा नहीं बल्कि हमेशा की तरह सकारात्मक प्रभाव ही पड़ता है। जिंदगी जीने का और उसे समझने का एक नया दृष्टिकोण मुझे लेखन से ही मिलता है।

क्या आपको लगता है कि लेखन से समाज में कुछ बदलाव लाया जा सकता है?

रुपाली सक्सेना - जी बिल्कुल, मेरा विश्वास है कि लेखनी में जो शक्ति होती है वो किसी और में नहीं होती है।

आपकी सबसे प्रिय रचना कौन सी है और क्यों?

रुपाली सक्सेना - 'आसान नहीं है औरतों के लिए कविता ग़ज़ल या गीत लिखना' मेरी सबसे प्रिय रचना है। मेरी यह रचना उन सभी गृहणियों को समर्पित है, जो अपनी व्यस्त दिनचर्या में से समय निकाल कर सृजन कार्य कर रहीं हैं।

आप अपने लेखन से पाठकों को क्या संदेश देना चाहेंगीं?

रुपाली सक्सेना - मेरी कोशिश रहती है कि मैं अपने लेखन से समाज में व्याप्त कुरीतियों और नकारात्मकता को दूर कर सकारात्मकता का संचार करूँ।

मंगलवार, 31 मई 2022

नेपाल में हिंदी की पताका फहरातीं सुमी लोहनी


      सुमी लोहनी काठमांडू, नेपाल के भाटभेटनी क्षेत्र में निवास करते हुए पिछले कई वर्षों से लेखन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। कविता, कहानी, नाटक, हाइकू, हास्य व्यंग्य, लेख, जीवनी व संस्मरण इत्यादि विधाओं में उनकी लेखनी निरंतर चल रही है। लेखन के साथ-साथ वह अनुवाद व संपादन में भी रत हैं। उनकी अब तक कुल 12 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। नेपाली भाषा में प्रकाशित होने वाली साहित्यिक मासिक पत्रिका शब्द संयोजन व ऑनलाइन पत्रिका दीपश्री उनके संपादन में कई वर्षों से फलफूल रही हैं। इस समय सुमी लोहनी ऑस्ट्रेलिया प्रवास पर हैं। हमने उनके व्यस्त समय में कुछ क्षण लेकर कुछ प्रश्नों के माध्यम से उनकी लेखन यात्रा के विषय में जानने का लघु प्रयास किया है।

आपको लेखन का रोग कब और कैसे लगा?

सुमी लोहनी - मेरा बचपन मेरे ननिहाल में बीता। परिवार में मेरे बुजुर्ग नाना-नानी और मैं ही थे । मेरे साथ बातें करने व हँसने-बोलने के लिए कोई नहीं था । मुझे बहुत अकेलापन अनुभव होता था । उसी अकेलेपन ने मेरी पुस्तकों से दोस्ती करवा दी । ननिहाल में पढ़ने का या यूँ कहें कि साहित्यिक माहौल बिलकुल भी नहीं था। पर मुझे तो अपने नये दोस्तों यानि कि पुस्तकों से प्यार हो गया था । पुस्तक, समाचारपत्र या जो कुछ भी मुझे पढ़ने को मिलता था, मैं पढ़ती थी । अक्सर मैं छिपकर ही पढ़ा करती । मेरे नाना-नानी मुझे पुस्तकें पढ़ते देखते तो बहुत गुस्सा करते थे । मेरे द्वारा कोर्स की पुस्तकों के अलावा दूसरी कोई पुस्तक पढ़ना उन्हें पसन्द नहीं था । पर क्या करती मुझे तो साहित्य को पढ़े बिना चैन ही नहीं मिलता था। वे दोनों जितना मना करते, मुझे उतनी ही अधिक पढ़ने की इच्छा होती थी । सो छिपकर ही पढ़ती थी । इस तरह मुझे पढ़ने की लत लग गई । जब पढ़नेकी लत लगी तो लिखने का भी मन हुआ । फिर मेरे मन में जो आता, उसे मैं लिखने लगी। शायद आरंभिक दिनों के मेरे लेखन को  साहित्यिक लेखन नहीं कहा जा सकता पर लेखन का आरंभ तो कह ही सकते है । चिप-छिप कर लिखते-लिखते कब साहित्यिक लेखन की शुरुआत हो गई पता ही नहीं चला।  इस तरह अनजाने में ही साहित्यिक राह पर मेरे कदम चल पड़े। इस तरह लिखने का ये लाइलाज रोग उम्र भर के लिए मुझे लग गया।  

लेखन से आप पर कौन सा अच्छा अथवा बुरा प्रभाव पड़ा?

 सुमी लोहनी - मुझे नहीं लगता कि मेरे लेखन से मुझपर कुछ भी बुरा प्रभाव पडा हो । मुझ जैसी अन्तर्मुखी महिला के लिए लेखन से अच्छी बात और हो भी क्या सकती है।

 क्या आपको लगता है कि लेखन समाज में कुछ बदलाव ला सकता है?

सुमी लोहनी - हाँ, निसंदेह मुझे लगता है कि लेखन समाज में बदलाव ला सकता है ।

आपकी सबसे प्रिय रचना कौन सी है और क्यों?

सुमी लोहनी - जैसे माँ के लिए सभी सन्तानें प्रिय होती हैं, उसी प्रकार मुझे भी अपनी सभी रचनाएं प्रिय हैं। किसी एक को अधिक प्रिय बताकर मैं बाकी रचनाओं के साथ नाइंसाफी नहीं कर सकती । हाँ पाठकों को मेरी किसी भी रचना को गुण-दोष के आधार पर अच्छा या बुरा कहने का पूर्ण अधिकार है।

गुरुवार, 22 फ़रवरी 2018

ढाक के तीन पात में खोए हुए मलय जैन


मलय जैन इस समय व्यंग्य जगत में जाना-पहचाना नाम है। पुलिसकर्मियों पर अक्सर संवेदनहीन, कड़क और खडूस स्वभाव का होने का आरोप लगता रहता है और लोग आए दिन बिना-बात के पुलिसकर्मियों पर निंदा शस्त्र छोड़ते हुए उन्हें विशेष आदरसूचक शब्दों से सुशोभित करते रहते हैं। इन हालातों के बीच अपने एक हाथ में पुलिसिया छड़ी, दूसरे हाथ में डायरी और कलम लिए मलय जैन साहित्य के क्षेत्र में प्रकट होते हैं तथा अपना फर्ज निभाने के साथ-साथ समाज की विसंगतियों से लड़ते हुए लिख डालते हैं एक व्यंग्य उपन्यास ‘ढाक के तीन पात’, जो चर्चित होता है और होता ही जाता है। चर्चित होकर ये व्यंग्य उपन्यास साल 2017 के आरंभ में शोभना सम्मान ग्रहण करता है और उसी साल के अंत में मध्य प्रदेश साहित्य अकादमी के बाल कृष्ण शर्मा ‘नवीन’ प्रादेशिक पुरस्कार से विभूषित होता है। इस प्रकार मलय जैन के प्रशंसकों की संख्या तेजी से बढ़ने लगती है और प्रशंसकों के प्रेम के कारण इनके एक हाथ में पुलिसिया छड़ी, दूसरे हाथ में कलम-डायरी के साथ-साथ कान पर मोबाइल फोन लग जाता है। अब मलय जैन अपने फर्ज को निभाते हुए, विसंगतियों पर कलम चलाते हुए मोबाइल फोन पर अपने प्रशंसकों से निपटने में व्यस्त रहते हैं। प्रशंसकों का अपने प्रिय लेखक से इतना लगाव हो गया है कि जब भी उन पर कोई छोटी या बड़ी मुसीबत आती है तो वो झट से अपने प्रिय लेखक को फोन मिलाकर उन्हें यह अहसास कराते हैं कि वो लेखक होने से पहले एक पुलिस अधिकारी हैं और उनका ये फर्ज है कि वो अपने प्रशंसकों को उस मुसीबत से निजात दिलवाने में उनकी सहायता करें। इस प्रकार मलय जैन कुछ अधिक ही व्यस्त हो जाते हैं और उस व्यस्तता से कुछ समय निकालकर अपनी साहित्यिक संतान ‘ढाक के तीन पात’ में खो जाते हैं तथा इसके साथ ही साथ अपनी अगली साहित्यिक संतान को उत्पन्न करने का जतन भी आरंभ करने लगते हैं। बहरहाल अब अपनी प्रश्नों की पोटली को खोला जाए और 'ढाक के तीन पात' के रचयिता के मन को टटोला जाए।

मलय जैन की चर्चित कृति 'ढाक के तीन पात

सुमित प्रताप सिंह – मलयजी सादर व्यंग्यस्ते! कैसे हैं आप?
मलय जैन – सादर व्यंग्यस्ते सुमित! मैं सकुशल हूँ आप सुनाएँ।
सुमित प्रताप सिंह – विसंगितियों की कृपा से मैं भी ठीक हूँ। अपनी पोटली में आपके लिए कुछ प्रश्न लाया था। यदि आपकी आज्ञा हो तो पोटली खोलूँ?
मलय जैन – हाँ भाई खोल डालो अपनी पोटली और जो पूछना है पूछ डालो।
सुमित प्रताप सिंह - आपको लेखन का रोग कब और कैसे लगा?
मलय जैन - हमारा पैतृक निवास राष्ट्रकवि मैथिली शरण गुप्त जी की जन्मभूमि चिरगांव का है। मेरे पिता स्वयं भी लेखक हैं सो लिखना मेरे खून में ही था । बचपन में हम जिन पर्यटन स्थलों की सैर को जाते, वापसी पर मेरे पिता यात्रा वृतांत लिखने को प्रेरित करते । अच्छा लगने पर पुरस्कृत भी करते सो लिखने की आदत बनी । सबसे पहले ग्यारहवीं क्लास में रहते 16 बरस की उमर में एक किशोर कथा लिखी , मेरे पिता को पहले विश्वास नहीं हुआ कि कहानी मैंने लिखी है । उसका शीर्षक भी उन्होंने ही दिया, आतंक के क्षण। पहली कहानी ही अखिल भारतीय स्तर की प्रसिद्ध पत्रिका सुमन सौरभ में स्वीकृत हुई तो मेरी प्रसन्नता का ठिकाना नहीं था। इसके बाद खूब कहानियां लिखीं जो सुमन सौरभ, पराग, बालभारती आदि में छपीं। कॉलेज में पढ़ते पढ़ते ही दो किशोर उपन्यास भी लिख डाले , दीवानगढ़ी का रहस्य तथा यक्षहरण। ये दोनों सुमन सौरभ में ही धारावाहिक छपे। मुक्ता में एक कहानी आई डीएसपी साहिबा। तब मैं कॉलेज में पढ़ रहा था और तब सपने में नहीं सोचा था कि कुछ ही साल बाद खुद डीएसपी बन जाऊंगा।
सुमित प्रताप सिंह -  लेखन में आपने व्यंग्य लेखन को ही क्यों चुना?
 मलय जैन - व्यंग्य लिखना कब व कैसे शुरू कर दिया , मुझे खुद याद नहीं । हाँ, 2007 के आसपास कार्टून्स बनाने का शौक चढ़ा था। बस , वहीं से व्यंग्य लिखने की शुरूआत हो गई। व्यंग्य लिखना बड़ा चुनौती पूर्ण भी है और अपार संतुष्टि देने वाला भी, सो व्यंग्य लिखना मुझे अधिक भाया ।
सुमित प्रताप सिंह - व्यंग्य लेखन से आप पर कौन सा अच्छा अथवा बुरा प्रभाव पड़ा? 
मलय जैन - व्यंग्य से बुरा प्रभाव तो शायद ही कोई पड़ा हो । हाँ, आदत ख़राब ज़रूर हो जाती है और कभी घर में श्रीमती जी पर व्यंग्य कर दिया तो लॉ एंड ऑर्डर बिगड़ने का ख़तरा ज़रूर कभी कभी पैदा हुआ । मेरे लिये व्यंग्य पढ़ना और लिखना भी , दोनों ऊर्जा देने का काम करते हैं और मैं हमेशा पॉजिटिव रहता हूँ ।
सुमित प्रताप सिंह - क्या आपको लगता है कि व्यंग्य लेखन समाज में कुछ बदलाव ला सकता है?
मलय जैन -  व्यंग्य से समाज बदल जायेगा , यह समझना तो समझदारी के साथ ज्यादती होगी। हाँ, इतना अवश्य है कि प्रव्रत्ति विशेष के लिये किया गया व्यंग्य कहीं न कहीं व्यक्ति को आइना तो दिखाता ही है और सावधान भी करता है । विसंगतियों पर किये व्यंग्य से खुद को जोड़ यदि समाज के कुछ लोग ही अपने आपको बदल लेते हैं तो बदलने का उद्देश्य तो पूरा करता ही है व्यंग्य ।
सुमित प्रताप सिंह - आपकी सबसे प्रिय व्यंग्य रचना कौन सी है और क्यों?
मलय जैन -  व्यंग्य में सबसे पसंदीदा कृतियों में राग दरबारी , नरक यात्रा और बारहमासी का नाम सबसे ऊपर है । इन कृतियों ने ही कहीं न कहीं मुझे व्यंग्य लिखने के लिए प्रेरित भी किया है ।
इतना कहकर मलय जैन फिर से अपनी साहित्यिक संतान ‘ढाक के तीन पात’ में खो जाते हैं। यह देख मैं अपनी प्रश्नों की पोटली बाँधता हूँ और चल देता हूँ अगली मंजिल की ओर पर जाने से पहले आप सभी पाठक बंधुओं के लिए छोड़ जाता हूँ मलय जैन की ये विशेष रचना : -

व्यंग्य : ऐसे न मुझे तुम छेड़ो
न जाने क्या है कि शहर में या अढ़ाई सौ मील दूर के किसी क़स्बे में पुलिस चेकिंग शुरू करती है और इधर मित्रों रिश्तेदारों के फोन आने शुरू हो जाते हैं । हमने तो कई मर्तबे अपनी किस्मत को धन्य माना और खोपड़ी पर ज़ोर भी डाला कि वल्लाह , किसके दीदार किये थे अल्लसुबह आज कि ईद के चांद हुए मित्र या जिज्जी की जबलपुर वाली जिठानी के लड़ियाये लल्ला को भरी दुपहरिया में एकाएक इस ग़रीब की याद हो आई । उछल उछलकर एकदमै गिर ही न पड़ने से कलेजे को बचाते हुए हम फोन उठाकर जब हाल ओ चाल जानने की कवायद करते हैं कि उधर से मित्र धरमसंकट में डाल कहता है , " भाई , पुलिस ने पकड़ लिया ।" हम हैराने हो दरयाफ़्त करते हैं " मित्र , तुम तो एकदम सच्चरित्र और कायदे पसन्द हो , तुम्हारी कमीज़ पर चोरी , नकब्ज़नी , लूट - लठैती , डाका - डकैती तो छोड़ो , कुटैती - पिटैती और बकलोली- बकैती तक का दाग नहीं और ...और ताउम्र ताकाझांकी से तौबा वाली तुम्हारी तबीयत की तारीफ़ से तो हरकोई वाकिफ़ है फिर तुम्हें क्यों पकड़ा मेरे दोस्त ! तब शरमाते हुए मित्र का उत्तर हस्ब ए मामूल वही होता है जिसका खुटका आदतन हमें पहिले से होता है ," यार , हेलमेट नहीं न लगाये थे " या " सीट बेल्ट नहीं न लगाए थे ।" यकीन मानिये , रिश्तों के इजलास में हमारी कलपी हुई आत्मा यकायक ज़िरह को व्याकुल हो जाती है , " यार , मेरे आलिम , मेरे फ़ाज़िल , मेरे काबिल दोस्त , घर से खाने का डब्बा तो ले जाना नहीं न भूले थे ? पेट की चिन्ता , चिन्ता और जान की ?"  हेलमेट और सीट बेल्ट के लिये हम फ़ोन कर बोलें कि छोड़ दो भाई , ये सही होगा क्या ? भइया , कमसकम ऐसे तो न मुझे तुम छेड़ो । अब तुमको हम क्या बताएं , हमारी इन आँखों ने वो कलेजा फट जाने वाले दृश्य देखे हैं जिनमें किसी के कलेजे के टुकड़े ने सिर्फ़ हैलमेट न लगाकर चलने के कारण अकाल अपनी जान दे दी । हमारे इन हाथों ने हाइवे पर दुर्घटना में चोटिल उन तमाम लोगों को अस्पताल पंहुचाया है जो अपने हाथ पैरों से या तो महरूम हो गये या अकाल मौत के शिकार ही हो गये । पता है क्यों , सिर्फ़ हैलमेट या सीट बेल्ट नहीं लगाने की वजह से । अब भी कहियेगा कि हम फ़ोन करें , शर्मिंदगी के मारे धरती मईया से फट जाने की गुहार मारते हम हमारे दरोगा जी से आग्रह करें कि मत काटो चालान मेरे यार का ताकि यार मूंछों पर ताव देता निकल ले और कल को दोगुने ठाठ के साथ बिना हैलमेट लगाये इतराता निकले , बिना सीट बेल्ट बांधे हवा से बातें करे , ख़ुद की और औरत बच्चों की चिंता किये बग़ैर ! मित्रो , हमारे जवान घण्टों ड्यूटी करते , कड़ी धूप में भतेरे धुँए और धूल के बीच , चौतरफ़ा आते , भागते , खाने को दौड़ते इन वाहनों के भब्बड़ में अपनी जान भी जोखिम में डालते यदि आपका चालान काटने के लिये विवश हो रहे हैं तो कोशिश करें न , ऐसी नौबत आये ही क्यों ? पढ़ा लिखा होना तो हमारी शक्ल से ही टपकता है और समझदार होना ? बात कड़वी तो है दोस्त , मगर हम क्या करें ! कानून भी और हम भी , आख़िर आप ही की सलामती तो चाहते हैं । तो बताइयेगा , ऐसा करो , वैसा न करो के लिये खाली बाल बछौना को ही टोकते रहियेगा या ख़ुद की आत्मा के नट बोल्ट भी कसियेगा ?


शनिवार, 15 फ़रवरी 2014

व्यंग्य यात्रा निकालते प्रेम जनमेजय

आदरणीय मित्रो
सादर ब्लॉगस्ते!
           आप सभी की व्यंग्य विधा से गुफ़्तगू तो होती ही रहती होगी। अरे नहीं मैं व्यंग्य के नाम पर अखबारों में छपते रहने वाले उल-जलूल और हास्य के नाम पर फूहड़ता लिए हुईं टिप्पणियों अथवा रचनाओं की बात नहीं कर रहा। मैं बात कर रहा हूँ उस व्यंग्य विधा की, जिसने समाज को नई दिशा देने का बीड़ा अपने काँधे पर धर रखा है। अब आप पूछेंगे कि व्यंग्य होता क्या है? व्यंग्य साहित्य का ऐसा अचूक अस्त्र है जो हृदय के भीतर तक मार करता है। यह समाज में विद्यमान विद्रूपताओं, विसंगतियों एवं मूल्यहीनता इत्यादि पर प्रहार कर उन्हें दूर करने का साहित्यिक प्रयास है। व्यंग्य वह विधा है जिसे प्रयोग करनेवाला तो मुस्कुराता है, लेकिन जो व्यंग्य का शिकार होता है वह क्षण भर के लिए तो तिलमिलाकर रह जाता है। देशी भाषा में इसे चुटकी या ताना भी कहा जा सकता है। कबीर के व्यंग्यात्मक दोहे तो आपको याद ही होंगे, कि कैसे उन्होंने दोहे की तलवार पर व्यंग्य की तेज धार लगाकर समाज की कुरीतियों पर प्रहार किया था। भारतेंदु से लेकर हरिशंकर परसाईं व शरद जोशी तक तथा उनके बाद अनगिनत व्यंग्य वीर हुए हैं जो अपने व्यंग्य बाणों से समाज से बुराइयों को समाप्त करने के लिए प्रयासरत रहे हैं।
           आज मैं आपकी भेंट करवाने जा रहा हूँ व्यंग्य क्षेत्र की एक विशेष हस्ती से जिनका नाम है प्रेम जनमेजय। प्रेम जनमेजय जी वैसे तो परिचय के मोहताज नहीं हैं फिर भी आप सभी सुधी पाठक जनों के लिए उनका लघु परिचय यह है, कि उनका जन्म 18 मार्च, 1949 ईसवी में इलाहाबाद (उ.प्र.) हुआ था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से हिन्दी साहित्य में डाक्टरेट की उपाधि प्राप्त की और 1974 ईसवी से अध्यापन के क्षेत्र में हैं। वो ट्रिनिडाड और टोबैगो के वेस्टइंडीज़ विश्वविद्यालय में अतिथि प्रोफेसर के पद पर कार्य कर चुके हैं। देश-विदेश में व्यंग्यकार के रूप में ख्याति प्राप्त प्रेम जी पिछले नौ साल से देश-विदेश में चर्चित पत्रिका “व्यंग्य यात्रा” के संपादन की बागडोर संभाले हुए हैं।
          हालाँकि आज वो अति व्यस्त हैं, क्योंकि आज उनके द्वारा व्यंग्य यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। हर तीसरे महीने इस यात्रा का आयोजन किया जाता है। इस बार यह यात्रा युवा व्यंग्यकारों को व्यंग्य लेखन में प्रोत्साहित करने के लिए शरद जोशी जी की याद में आयोजित की जा रही है और प्रेम जी घर से आरंभ होकर भारत भर में होते हुए शरद जोशी जी के घर की ड्योढ़ी को नमन करके वापस प्रेम जी के घर पर ही आकर समाप्त होगी। इसलिए मैंने यह निर्णय लिया है कि मैं भी इस यात्रा का साक्षी बनूँगा, क्योंकि इस बहाने कुछ ज्ञान भी मिलेगा और प्रेम जी का साक्षात्कार लेने भी लेने का अवसर मिल जाएगा।
                  देश भर से आए व्यंग्य शिक्षकों व प्रशिक्षुओं के एक स्थान पर एकत्र होते ही व्यंग्य यात्रा का शुभारंभ कर दिया गया। एक वरिष्ठ व्यंग्यकार ने व्यंग्य यात्रा में आने का वादा किया और एन वक्त पर न आने के लिए अपनी बूढ़ी माँ की बीमारी का बहाना मार दिया। मजे की बात यह है, कि उनकी माँ व्यंग्य यात्रा के शुरू होने पर ही सभी व्यंग्यकारों को अपना शुभाशीष प्रदान कर गईं हैं। इस यात्रा में एक-दूसरे के धुर विरोधी लोगों के एकत्र होने के बारे में पूछने पर यात्रा में शामिल प्रेमचंद साहित्य के अध्येता कमलकिशोर गोयनका जी ने बताया, “प्रेम जनमेजय के लिए व्यंग्यकार केवल व्यंग्यकार है। वह वाम या या दक्षिणा, इससे उसे कोई फर्क नहीं पड़ता. इसलिए ‘व्यंग्य यात्रा का मंच सबका मंच है। व्यंग्य की कोई जाति व धर्म अथवा कोई विशिष्ट विचार नहीं है। उसमे सभी प्रवेश कर सकते हैं और अपनी दृष्टि से व्यंग्य लिख सकते हैं।”
          यात्रा कुछ दूर आगे ही बढ़ी थी कि एक युवा व्यंग्यकार ने प्रेम जी से उनका परिचय पूछ डाला। प्रेम जी सादगी से बोले, “आप काहे मुझ नाचीज से इतना महत्वपूर्ण सवाल करने का कष्ट कर रहे हैं। जब आप मेरे संक्षिप्त परिचय से ही अनभिज्ञ हैं और मुझे ही उससे आपको परिचित कराना है तो आपकी नजरों से अपरिचित इस प्रेम जनमेजय को अपरिचित ही रहने दें। दूसरे लेखक जब अपना परिचय देने लगता है तो उसे लगता है कि उसने बहुत संक्षिप्त दिया और परिचय लेने वाले को लगता है कि उसने द्रौपदी के चीर-सा कर दिया जिसे कोई कृष्ण ही समाप्त कर सकता है। मेरा संक्षिप्त परिचय इतना ही है कि मेरा नाम प्रेम जनमेजय है।“ इस परिचय को सुनकर सभी व्यंग्यकारों ने तालियाँ पीट डालीं। मैं प्रयास करके प्रेम जी के बगल में पहुँचने में कामयाब हो चुका हूँ और अब साक्षात्कार आरंभ होता है।

सुमित प्रताप सिंह- प्रेम जनमेजय जी नमस्कार!
प्रेम जनमेजय- नमस्कार सुमित कैसे हो?
(युवा व्यंग्यकार भी आदरवश प्रेम जी को नमन कर रहे हैं।)

सुमित प्रताप सिंह- जी आपके आशीर्वाद से मैं बिल्कुल ठीक हूँ। कुछ प्रश्न लाया था अपनी पोटली में। यदि आपकी आज्ञा हो तो अपनी पोटली खोलूँ।
प्रेम जनमेजय- अब ले आए हो तो व्यंग्य यात्रा का आनंद व इससे कुछ सार्थक सीख लेते हुए लेते हुए अपनी पोटली से प्रश्नों को निकालकर पूछते रहो।
(प्रेम जी के ऐसा कहते ही युवा व्यंग्यकारों के कान उनकी ओर लग गए। उन्हें लगा कि प्रेम जी के माध्यम से उन सबको कुछ न कुछ ज्ञान मिलनेवाला है।)

सुमित प्रताप सिंह-  आपको ब्लॉग लेखन की बीमारी कब और कैसे लगी?
प्रेम जनमेजय- मेरी प्रकृति है कि मैं तकनीक के क्षेत्र में उपस्थित नए उपकरणों आदि से घबराता नहीं हूं अपितु चुनौती मानकर उससे दो-दो और कभी दो-चार हाथ भी कर लेता हूं। कुछ भी नया मेरे आसपास घटता है उसे परखने का प्रयत्न करता हूं। अब चाहे वो मोबाईल हो, फेसबुक हो अथवा ब्लॉग लेखन।  इस प्रक्रिया में मैं अपने से युवा पीढ़ी को गुरु मानता हूँ। अपने पुत्र, युवा मित्रों से मैं एक अच्छे शिष्य की तरह शिक्षित होता हूँ। मेरा मानना है कि ब्लॉग या फेसबुक अभिव्यक्ति के माध्यम उसी प्रकार हैं जैसे नाटक या फिल्म आदि। निर्भर करता है कि आप इन माध्यमों का प्रयोग किस नीयत और किस दृष्टि के साथ करते हैं। ब्लॉग लेखन भी अभिव्यक्ति का एक माध्यम है और इसका संतुलित प्रयोग आपके विचारों को विस्तृत करता है। ब्लॉग लेखन को मैंने नए माध्यम के प्रयोग के रूप में आरंभ किया था पर बाद में देखा कि मेरे पास अभिव्यक्ति के अन्य माध्यम भी हैं। अतः मैंने धीरे-धीरे इसका प्रयोग कम कर दिया। मेरे लिए यह बीमारी नहीं अभिव्यक्ति का माध्यम है।
(एक तथाकथित बड़े व्यंग्यकार, जो स्वयं को बड़ा इसलिए मानते हैं क्योंकि उनकी बड़ी कार है और वो ऐसा कुछ लिखते हैं जिसे वो व्यंग्य कहते हैं, अपनी कार पंक्चर होने के कारण नुक्कड़ पर बैठे रो रहे हैं और व्यंग्य यात्रा में सम्मिलित न होने के कारण दुःख के मारे रोते-रोते मूर्छित से हो गए हैं।)

सुमित प्रताप सिंह- आपकी पहली रचना कब और कैसे रची गई?
(इस प्रश्न को पूछने से पहले मैं प्रेम जी से कहना चाहता हूँ, कि ब्लॉग वह स्थान है जहाँ पर आपका लेखन स्थायी रूप से सुरक्षित रहता है और फेसबुक वह अंतरजालीय ठिकाना है, जिस पर एक महीने पहले डाली गई पोस्ट भी ऐसे ठिकाने लग जाती है, कि उसे ढूँढते-ढूँढते दिमाग ठिकाने लग जाता है। इसलिए ब्लॉग लिखते रहिये। किन्तु शायद यह सब कहने का अभी उपयुक्त समय नहीं है। चलिए कभी और सही।)
प्रेम जनमेजय- जैसे हिन्दी का लगभग हर लेखक अपना आरम्भिक लेखकीय जीवन, काव्य लेखन के साथ करने के लिये विवश है, मैंने भी किया । परन्तु कविता के साथ कहानी की भी शुरुआत  हो गयी । 1963-1966 के बीच मैं रामकृष्णपुरम् सेक्टर दो के सरकारी स्कूल की नवीं कक्षा में पढ़ता था और विज्ञान का छात्र था । हमारे अंग्रेजी के अध्यापक श्री बत्रा के प्रयत्नों के फलस्वरूप पहली बार किसी सरकारी विद्यालय ने अपनी पत्रिका निकालने का स्वप्न पूरा किया । मैंनें उस पत्रिका में,1965 में, अंग्रेजी की एक कविता के माध्यम से, अपना तुच्छ योगदान दिया । 
      कविता जब प्रकाशित होकर आई तो अपनी ही कविता को छपा देखकर तथा उसकी प्रशंसा सुनकर मन और रचनायें लिखने को प्रेरित हुआ । गर्मी की छुट्टियां होने वाली थीं और अध्यापक पढ़ाने में कम तथा अपने रजिस्टर और डायरियां लिखने में अधिक रुचि ले रहे थे। ऐसे में पिछले बैंच में बैठकर मैंनें और मेरे सहपाठी मित्र सुदर्शन शर्मा ने एक कहानी लिखी ‘छुट्टियां’ । सुदर्शन अब इस दुनिया में जिंदा नहीं है और न ही उसके साथ लिखी वह कहानी ही किसी पत्रिका के पन्नों में जिंदा है, पर उसकी यादें आज भी किसी ताजा रचना की तरह जिंदा हैं । विज्ञान की पढ़ाई तथा दोबारा पत्रिका न प्रकाशित होने की विवशता ने उस कहानी को किसी अनाम कोने में जैसे गुम कर दिया, पर मेरे अंदर लिखने की इच्छा अपने पंख तलाशती रही ।  
       ग्यारहवीं की परीक्षा देने के बाद मेरे पास कुछ करने को न था । बात 1966 की है । उन दिनों इंजीयनियरिंग आदि परीक्षाओं के लिए गर्मियों की छुट्टियों का बलिदान नहीं करना पड़ता था। मेरे अंदर का लेखक फिर जागा और मैंनें एक प्रेम-कथा लिखी “कल आज और कल”। इसे मैंने गाजियाबाद से उन दिनों अपने शीघ्र प्रकाशन की घोषणा करने वाली पत्रिका ‘ खिलते फूल’ में भेज दिया । कहानी 1966 में प्रकाशित हो गई । हायर सैकेंडरी का परिणाम  आया और मैंने अपने अंदर के लेखक की उपेक्षा कर मैथर्स आनर्स ले लिया। मेरी कहानी भी ‘खिलते फूल’ के जुलाई अंक में प्रकाशित होकर आ गई। उन दिनों डॉ. महेंद्र कुमार मोतीलाल कॉलेज; जो उन दिनों हस्तिनापुर कॉलेज के नाम से जाना जाता, के हिंदी विभाग के अध्यक्ष थे।  कहानी हिंदी में प्रकाशित हुई थी तो मुझे उसे हिंदी के अध्यापक को ही दिखाना था, मैथ्स के अध्यापक को तो नहीं दिखाना था। मैथ्य के अध्यापक के लिए तो वह “बंदर क्या जाने अदरक का स्वाद” जैसा मामला था। डॉ. महेंद्र कुमार उन दिनों हिंदी ऑनर्स का पहला बैच तैयार कर रहे थे। हिंदी ऑनर्स में अक्सर वे विद्यार्थी जाते हैं जिन्हें किसी और ऑनर्स में प्रवेश नहीं मिलता है। डॉ. महेंद्र कुमार ने देखा कि ये लड़का लेखन में रुचि रखता है तो इसे हिंदी ऑनर्स का विद्यार्थी बना ही लो। दूसरे शब्दों में कहूं तो उन्होंने मुझे फंसा लिया और मेरा ऐसा ब्रेन वाश किया कि मैंने अपने पिताजी के सामने हिंदी ऑनर्स करने का प्रस्ताव, बड़ी हिम्मत के साथ, रख दिया। आप तो जानते ही हैं कि हमारी पीढ़ी अपने पिता से भी पिटी और आज अपने बच्चों से भी...। उन दिनों हिंदी के समर्थन के लिए आंदोलन हो रहे थे और लग रहा था कि आने वाला समय हिंदी का है। वैसे भी मेरे पिताजी ने हम बच्चों को पढ़ने-लिखने के संदर्भ में बहुत स्वतंत्रता दी हुई थी। मैंने विज्ञान का त्याग किया और साहित्य में प्रवेश किया। यह एक सही फैसला सिद्ध हुआ। इसने मेरे जीवन की धारा ही बदल दी। नरेंद्र कोहली और कैलाश वाजपेयी के रूप में मुझे साहित्यिक एवं अध्यापकीय गुरु मिले। कहानी, कविता लिखना, विभिन्न प्रतियोगिताओं में जाना, पुरस्कार प्राप्त करना जैसे मेरे जीवन का अंग बन गया ।
मैंने सन् 1966 से 1969 के बीच केवल कहानियां और कविताएं लिखीं। व्यंग्य लेखन मेरे जीवन में तब आया जब मैंने सन् 1969 में, एम.ए. में प्रवेश लिया। प्रेम जनमेजय उपनाम से मैंनें पहली व्यंग्य रचना ‘राजधानी में गंवार’ अगस्त, 1969 लिखी जिसे मैने, नरेंद्र कोहली द्वारा आयोजित, लेखक-मंडल की गोष्ठी में पढ़ा। इस रचना को लगभग सबने पसंद किया, नरेंद्र कोहली ने भी परंतु कुछ किंतु-परंतु के साथ। ये पहली रचना थी जिसे मैंनें सरोजनी नगर में टाइप सीखने जाने वाली दुकान में स्वयं हिंदी में टाईप भी किया।
(अचानक ही एक बुजुर्ग व्यक्ति अपने चेहरे को मैली धोती से ढांके हुए व्यंग्य यात्रा की भीड़ में सम्मिलित हो गए। उन्होंने युवा व्यंग्यकारों के हाथ में लिए व्यंग्यों को अपनी कनखियों से पढ़कर फटाफट एक व्यंग्य रचकर प्रेम जनमेजय जी के समक्ष प्रस्तुत कर दिया। प्रेम जी ने उनकी चोरी पकड़ ली और चुपचाप उस व्यंग्य को फाड़कर एक ओर फैंक दिया।)

सुमित प्रताप सिंह-  आप लिखते क्यों हैं?
प्रेम जनमेजय- मैं क्यों लिखता हूं, एक अच्छा प्रश्न है किसी लेखक से । आखिर वे क्या सामाजिक सरोकार हैं, वे क्या परिस्थितियां है जो आपको लिखने के लिए विवश करती हैं? लेखन मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया है । जैसे बिन खाए मन भटका-भटका रहता है, बिन सोए तबीयत गड़बड़ा जाती है, बिन नहाए शरीर बेचैन हो जाता है और बिना पानी के सब सून लगने लगता है वैसे ही बिना लिखे अपना जीवन निरर्थक लगने लगता है । स्वस्थ एवं लम्बे जीवन के लिए जैसे आपकी दैनिक आवश्यकताएं आवश्यक हैं वैसे ही मेरे लिए लेखन भी आवश्यक है। बिन सोए मेरा काम चल सकता है पर यदि रचना दिमाग में अपना खाका बना रही है तो उसे लिखे बिना नींद नहीं आएगी। 
आप भी कहेंगे कि ये कलम घसीटी तो ठीक है, पर ये व्यंग्य-घसीटी क्यों ? ऐसी भी क्या विवशता है कि व्यंग्य ही लिखा जाए ?
      मेरे विचार से न तो कोई विधा महत्वपूर्ण होती है और न ही कोई माध्यम, महत्वपूर्ण होती है विषयवस्तु। पहले आता है कि आप कहना क्या चाहते हैं और बाद में आता है कि आप उसे कहते कैसे हैं। चाहे वह कवि हो, कहानीकार हो,  नाटककार या व्यंग्यकार-सभी हैं तो मूलतः साहित्यकार। व्यंग्य-लेखन साहित्य लेखन से अलग की वस्तु नहीं है। क्या व्यंग्यकार के सामाजिक सरोकार वही नहीं हैं जो एक कथाकार, कवि या नाटककार के हैं? वैसे तो रचना अपनी विधा स्वयं तलाश लेती है। मुझे व्यंग्य के माध्यम से स्वयं को अभिव्यक्त करना अध्कि सहज लगता है। जब समाज अनैतिक होता है और नैतिकता के ठेकेदार नैतिकता के छद्म में अपने अनैतिक कर्म सफल बनाते हैं तभी तो व्यंग्यकार की रचनात्मक भूमिका जन्म लेती है। जब आंकडा़ छत्तीस का हो और उसे तरेसठ का सिद्ध करने में सिद्धहस्त व्यस्त हों, तभी तो व्यंग्यकार उस विसंगति को उद्घाटित करने के लिये अपना रचनात्मक विरोध् रजिस्टर करता है । आज राजनीति, समाज, धर्म, साहित्य आदि में जो मूल्यहीनता की स्थिति है तथा जिस प्रकार हमारी वर्तमान व्यवस्था आक्रोश के स्थान पर पलायन के भाव को भरना चाहती हैं, आर्थिक प्रगति के नाम पर विरोध के प्रजातान्त्रिक  अधिकार को कुंद करना चाहती है  उसके चलते व्यंग्य की भूमिका अत्यधिक महत्वपूर्ण हो जाती है । आज का समय विसंगतियों से भरा हुआ है और एक चकाचौंध में सामाजिक सरोकार तथा मानवीय मूल्य धुंधलाते जा रहे हैं । अस्मिता पर लुके-छिपे हमले हो रहे हैं । ये सब ईमानदार मस्तिष्क पर निरंतर अपने प्रभाव छोड़ते रहते हैं । आपका अवचेतन कभी भी नहीं सोता है, ये दीगर बात है कि कुछ महानुभाव उसके जागरण को महत्व ही नहीं देते हैं । पर लेखक-कर्म अपनाते ही आप अपने अवचेतन की सक्रियता को उपेक्षित नहीं कर सकते । 
लेखन-कर्म को ईमानदारी से अपनाते ही आप अति-संवेदनशीलता के ‘रोगी’ हो जाते हैं। वैसे इसे इस प्रकार कहना अधिक उचित होगा कि अधिक संवेदनशील होने के कारण आपको लेखन का रोग लगता है। जिस बात को लोग हवा में उड़ा देते हैं आप उसे हवा में उछल-उछल कर पकड़ते हैं । आम आदमी अपने चैन का मार्ग ढूंढता है और ये  लेखक नामक ‘अव्यवहारिक’ जीव स्वयं तो बेचैन होता है दूसरों को भी करता है । मैं भी ऐसा ही ‘अव्यवहारिक’ जीव हूं । पत्नी अनेक बार कांतासम्मित उपदेश दे चुकी है कि संसार तो ऐसे ही चलेगा, तुम क्यों अपने जान हलकान करते हो । पर यहां आलम ये है कि समाज में घटित किसी विसंगति को देख-पढ़ सुनकर ‘नींद क्यों रात भर आती नहीं’ के सवाल घेरने लगते हैं । कोई विचार जब कौंधता है तो जब तक वो आकार नहीं ले लेता मन बेचैन रहता है और उसकी बेचैनी देख पत्नी बेचैन रहती है । 
                      मेरे लिए व्यंग्य  रचना करना सीधा साधा रास्ता नहीं है । ये वो प्रेम का मार्ग नहीं है जहां सूधे सनायप बांक नहीं अपितु ये तो दोधरी तलवार या फिर आग का दरिया है । मेरे ये टेढ़े-मेढ़े रास्ते मेरे हितचिंतकों को धीरे-धीरे समझ आए हैं । पहले तो भरी एवं सक्रिय महफिल में मस्तिष्क में कोई भी विचार कौंधने पर यकायक मौन हो जाने पर मित्रों को अजीब लगता और पत्नी हाथ छूकर देखती कि कहीं मेरी तबीयत तो खराब नहीं हो गई । जैसे कोई ‘भ्रूण’ धीरे-धीरे आकार लेता है और एक दिन ईश्वर की अप्रतिम रचना के रूप में प्रकट हो जाता है  वैसे ही रचना जन्म लेती है । जैसे जन्म से पहले भ्रूण में अनेक परिवर्तन होते हैं तथा नवजात अपने जन्म से पहले कई बार मीठा-मीठा दर्द देता है वैसे ही लेखक हो या लेखिका, दोनों सृजन-सुख के लिए ये पीड़ा तो उठाते ही हैं। किसी सृजन का अपना आकार ग्रहण करने में समय लगता है और किसी की प्रीमैच्योर डिलिवरी हो जाती है। 
(प्रेम जी व्यंग्य के नाम पर युवाओं की बढ़ती भीड़ से हल्का सा घबराये तो राँची से पधारे बालेन्दु शेखर तिवारी जी उनके कान में फुसफुसाकर बोले, “प्लीज इन नवोदित दीयों को अपने ढंग से जलने दें। निर्मम झंझावात में तेज तर्रार दियों का ही अस्तित्व सुरक्षित रहेगा। जिन दीयों में तेल-बाती की कमी होगी, उनका अपने आप अंत हो जाएगा।”)

सुमित प्रताप सिंह-  लेखन में आपकी प्रिय विधा क्या है?
प्रेम जनमेजय- व्यंग्य।
(प्रेम जी के इस लघु व सटीक उत्तर पर जहाँ युवा व्यंग्यकार अचंभित हो रहे हैं, वहीं इस यात्रा में सहभागिता दर्ज करने आईं वरिष्ठ रचनाकारा सूर्यबाला जी महिला व्यंग्यकारों को हिदायती सुझाव दे रही हैं, “महिला व्यंग्यकारों को व्यंग्य शिल्प की अपनी ‘बेहतर बानगी’ को थोड़ी और धार देनी होगी क्योंकि महिलाओं की अति अल्पसंखियकी का मारा हिन्दी व्यंग्य-लेखन स्त्री व्यंग्यकार को ज्यादा सद्य दृष्टि से पढ़ता-जाँचता है और यह हमारे हित में है।”)

सुमित प्रताप सिंह-  अपनी रचनाओं से समाज को आप क्या संदेश देना चाहते है?
प्रेम जनमेजय- अभी तो मैं ही संदेश ग्रहण करने की मुद्रा में हूँ। मैं कोई मठाधीश नहीं हूँ और न ही राष्ट्र का प्रधानमंत्री अथवा राष्ट्रपति कि किसी अवसर पर संदेश देने जैसा कोई कर्तव्य निभाउं। मैं तो आपसी संवाद में विश्वास करता हूँ। संवाद निरंतर रहना चाहिए और संवाद में हमारा वर्तमान और भविष्य परिभाषित हो जाता है।
वर्तमान विसंगतियों पर हंसना पलायन होगा और इनपर आक्रमण करना बेहतर मानवीय समाज की दिशा में उठाया गया सार्थक कदम। इन विसंगतियों लड़ने का एक मात्र हथियार व्यंग्य ही है। आज व्यंग्य, बदलते सामाजिक परिवेश में उत्पन्न विसंगतियों के विरुद्ध लड़ाई का एक सार्थक हथियार बन गया है। सामयिक परिवेश में अवसाद, मूल्यहीनता, एकाकीपन आदि की उत्पन्न स्थिति का सामना करने के लिए व्यंग्य ही एक उपयुक्त माध्यम है। आज राजनीति, समाज, धर्म, साहित्य आदि में जो मूल्यहीनता की स्थिति है तथा जिस प्रकार हमारी वर्तमान व्यवस्था आक्रोश के स्थान पर पलायन के भाव को भरना चाहती हैं, आर्थिक प्रगति के नाम पर विरोध के प्रजातांत्रिक अधिकार को कुंद करना चाहती है उसके चलते व्यंग्य की भूमिका अत्यधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।
व्यंग्यकार पर अक्सर आरोप लगाया जाता है कि वह जीवन को ऋणात्मक दृष्टिकोण के साथ देखता है। उसे जीवन में कुछ भी सुंदर नहीं दिखाई देता है । वह तो हर समय आक्रोश के इंजन से भरा सांप की तरह फुंफकारता चलता है। यह सच है कि व्यंग्यकार की दृष्टि सौंदर्य की वायवी दुनिया में नहीं विचरती है, वह तो एक चिकित्सक की तरह मेज पर पड़ी सुंदरी के सुंदर मुखड़े को नहीं उसके शरीर के सड़े फोड़े को देखता है, जिससे मवाद बह रहा है। वह उस फोड़े पर चीरा लगाता है, जिससे घाव ठीक होने पर वह पुनः सुंदरी हो जाएगी। वह नैतिकता का पाठ नहीं पढ़ाता है अपितु नैतिकता का पाठ पढ़ाने की आड़ में अनैतिकता का खेल खेलने वालों के मुखौटे उतारता है । वह मानवीय सभ्यता में आ रही सड़ांध को रोकने के लिए जुटा रहता है। व्यंग्य प्रघात- चिकित्सा में विश्वास करता है न कि अपने ही समाज के एक अंग को विच्छिन्न कर देने में। उसकी दृष्टि, जीवन को सुंदर बनाने के लिए असुंदर पर ही टिकती है । व्यंग्यकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही है कि कैसे वह आलोचनात्मक तथा आक्रोशपूर्ण भाव को प्रघात चिकित्सा में परिणत करे। व्यंग्यकार इस अर्थ में विशिष्ट है कि वह प्रेमगीत नहीं लिखता है और न ही चाँदनी रात में नौका विहार करता है। उसकी हर सोच सामाजिक सरोकारों से जुड़ी होती है। 
यह मानकर न चला जाए कि व्यंग्यकार कोई विचित्र प्राणी हैं। व्यंग्यकार भी साहित्यकार है और उसके वही सामाजिक सरोकार हैं जो साहित्य के होते हैं। मैं साहित्यकार हूं और मानव समाज की बेहतरी के लिए अपना वैचारिक योगदान देने के लिए लिखता हूँ।
(प्रेम जी के मोबाईल फोन पर बार-बार शरद जोशी जी की पुत्री नेहा शरद के संदेश आ रहे हैं, जो कि धमका रहे हैं कि इस यात्रा को तुरंत बंद किया जाये, पर व्यंग्यकारों की एकता की शक्ति प्रेम जी के तन-मन में जोश भर रही है और वो उन संदेशों को मुस्कुराकर डिलीट करते जा रहे हैं।)

सुमित प्रताप सिंह-  एक अंतिम प्रश्न, ‘ सोशल मीडिया पर हिंदी लेखन द्वारा हिंदी साहित्य में योगदान’ इस विषय पर आप कुछ विचार रखेंगें?
प्रेम जनमेजय- सुमित जैसा कि मैंने पहले भी कहा कि सोशल मीडिया भी अन्य माध्यमों की तरह एक माध्यम है, निर्भर करता है कि उसके प्रयोग का हमारा उद्देश्य क्या है। क्या हम मात्र अपनी उपस्थिति दर्ज कराने अथवा अपना नाम प्रकाशित देखकर प्रसन्न होने की मनोग्रथी से ग्रसित उसका प्रयोग कर रहे हैं अथवा किसी रचनात्मक कार्य के लिए। बहुत आवश्यक है कि इसे गंभीरता से लिया जाए। सार्थक साहित्य का एक-एक शब्द बहुत महत्वपूर्ण होता है। शब्द बहुत दूर तक मार करता है। इस दृष्टि से बहुत आवश्यक है कि सोशल मीडिया का सावधानी से प्रयोग किया जाए। इस समय जो सामने आ रहा है, उससे मैं संतुष्ट नहीं हूँ। बहुत कुछ कबाड़ सामने आ रहा है। पर कुछ अच्छे प्रयोग भी सामने आ रहे हैं। ऐसे प्रयोग स्वागत योग्य हैं।
(अब हम शरद जोशी जी के घर के बंद दरवाजे की ड्योढ़ी पर पहुँच चुके थे। एक भारी-भरकम  युवा रचनाकार ने इस सुअवसर का लाभ उठाया और अपनी अगली पुस्तक को प्रेम जी को देते हुए फोटो खिंचवाकर फेसबुक पर इस खबर पर अपडेट कर दिया है और अपने फेसबुक मित्रों की बधाई रुपी टिप्पणियों व लाइकों पर प्रफुल्लित हो रहे हैं। प्रेम जी उस युवा व्यंग्यकार की भोली मुस्कान को नज़र से बचाने के लिए उसकी गाँधी छाप मुद्रा से नज़र उतार ली है।)

सुमित प्रताप सिंह- प्रेम जी आपका बहुत-बहुत आभार जो आपने अपना इतना समय और अपना स्नेहिल सानिध्य दिया। अब मुझे अपना आशीर्वाद एवं आज्ञा दें ताकि मैं अपनी अगली मंज़िल की ओर निकल सकूँ।
प्रेम जनमेजय- तुम्हारा भी धन्यवाद और आगामी भविष्य के लिए शुभाशीष एवं शुभकामनाएँ।
(साथियो यह इस यात्रा का अंत नहीं है। हम फिर मिलेंगे। तब तक के लिए सादर व्यंग्यस्ते!)

व्यंग्य यात्रा में सम्मिलित होने के लिए यदि पंजीकरण करवाना हो 

तो कृपया क्लिक करें http://premjanmejai.blogspot.in/ पर...


Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...