सावधान पुलिस मंच पर है लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
सावधान पुलिस मंच पर है लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 11 मई 2016

पुस्तक समीक्षा : सावधान रहें अब पुलिस मंच पर है


 सुमित मानव मूल्यों के सप्तरंगी कवि हैं। उनके मूल्यों के विषय लोक व्यवहार के हैं, मानवीय प्रवृत्तियों के हैं, लोकाचार के हैं, भारतीय परिवेश के है। उनका कविता संग्रह समाज में व्याप्त विसंगतियों, विषमताओं एवं विगलती होती परिस्थितियों पर प्रहार कर उन्हें रेखांकित करता है । कविता संग्रह भावनाओं और यथार्थ का समिश्रण है जिसकी कवितायें संवेदनाओं में बहकर प्रस्फुटित हो रही हैं। सुमित समय सचेत हैं। उन्होंने छोटी-छोटी बातों पर दृष्टि डालकर और उन्हें सहज संवेदनाओं में पिरोकर चिंतन के लिए कविता संग्रह में प्रस्तुत किया है ।
सुमित ने अपने इस काव्य संग्रह में आम आदमी की परेशानियों को समाज के साथ-साथ पुलिस विभाग से जोड़कर मुखरित किया प्रतीत होता है लेकिन हकीकत में बात यह है कि पुलिस भी इंसान होती है, पर लोग उसे पुलिस ही मानते हैं इंसान नहीं और समय आने पर उससे जनता दोयम दर्जे का व्यवहार करती है । ‘एक सिपाही की कहानी’ व ’पुराना सिपाही’ में ही देखिए । सुमित के अभिव्यक्त-कथन में यह पीड़ा उभरकर सामने आती है । सुमित के स्वर में जो उच्छवास प्रकट होता है वह सृजनशीलता की अकुलाहट-व्याकुलता है । वे एक स्वस्थ्य परिवेश को देखना चाहते हैं।
उनकी शीर्षक कविता ‘सावधान! पुलिस मंच पर है’ विशुद्ध व्यंग्य कविता है, जो मंचीय लोगों द्वारा किए जा रहे कारनामों पर खुलकर प्रहार कर उन्हें आईना दिखा रही है। ‘विनती सुन लो भगवान’ ’तुम नागनाथ हम साँपनाथ’ कविताओं में व्यंग्य की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता क्योंकि व्यंग्य के दर्शन भी कविता संग्रह में हो रहे हैं। एक बात और सुमित के लेखन हेतु कहना चाहूँगा कि वे सहजता से गंभीर बात कह जाते हैं और हमें चिंतन करने के लिए मजबूर होना पड़ता है यह उनकी लेखनी की सार्थकता है। ऐसा ही ‘गुलाम’, ‘भेड़ों की चिंता’, ‘थू’ ‘आओ जलाएं रावणपन’ आदि कविताओं में परिलक्षित हो रहा है।
जहाँ मंच पर कवियों के गिरते स्तर को उन्होंने अपनी लेखनी में सम्मिलित किया है तो वहीं वय उमर के चलतू प्रेम ’तू लड़की है झकास, अपुन लड़का बिंदास’ ’तेरी चाहत में बना देवदास’ आदि समय के प्रभाव की रचना है, लेकिन ’बकरे का इंतजार’ और ‘अच्छा है बकरापन’ ‘धंधेवाली’ ’वो बच्ची’ ‘खूनी दरवाजा’ लेखक के चिन्तन की पूर्ण परिपक्व रचनायें कहीं जा सकती हैं, जिनके द्वारा वे समाज पर सटीक प्रहार करते हुए गंभीर चिन्तन के लिए प्रेरित करते हुए प्रतीत हो रहे हैं। इन कविताओं को राष्ट्रीय फलक पर रखा जा सकता है। लेखक वर्तमान परिस्थितियों से ‘मनाएँ पन्द्रह अगस्त’ ‘बन जा भारत का किसान’ में भी रूबरू होता है । आज लोगों ने गिरगिट को भी मात कर दिया है इसीलिए तो ऐसे छली और प्रपंची लोगों का जमावड़ा समाज में है जो अपने स्वार्थ के लिए समाज में भ्रम फैला रहे हैं। ऐसे लोगों एव ऐसी परिस्थितियों को केन्द्र कें रखकर सुमित का रचनाकर्म सार्थक उॅचाईयों को छू रहा है। भाषा भी स्थानीय, सहज और आम बोलचाल की है इसीलिए पाठक इस कविता संग्रह को सहजता से आत्मसात कर सकेंगे।

पुस्तक - सावधान ! पुलिस मंच पर है
लेखक - सुमित प्रताप सिंह, नई दिल्ली
प्रकाशक- हिन्दी साहित्य निकेतन, बिजनौर, उ.प्र.
पृष्ठ - 104
मूल्य - 200 रुपए
समीक्षक - श्री रमाकान्त ताम्रकार, जबलपुर, मध्य प्रदेश  

मंगलवार, 26 अप्रैल 2016

पुस्तक समीक्षा : सावधान! अब पुलिस मंच पर भी है


‘सावधान! पुलिस मंच पर है’  यह सुनकर पाठकगण डरें नहीं, क्योंकि यह मात्र एक पुस्तक का नाम है,  जो कि व्यंग्य कविताओं का संग्रह है और इसके रचनाकार हैं युवा कवि और लेखक सुमित प्रताप सिंह। इस कविता संग्रह में कटाक्ष करती हुईं  कुछ कविताएँ खड़ी बोली हिन्दी की हैं और कुछ कविताएँ  ग्रामीण भाषा के लबादे में हैं।   इस संग्रह में संकलित  व्यंग्य कविताएँ काफी रोचक और सजीव हैं कि पढ़ते हुए मानस पटल पर एक छायाचित्र खींचने में सफल होती हैं। अधिकतर कविताएँ सामाजिक विषयों पर आधारित है। मुसीबतों के आने पर पर हमारा समाज पुलिस पर ही आश्रित होता है। कवि के अनुसार पुलिस की भूमिका और कर्तव्य इस कदर बढ़ चुके हैं, कि पुलिस को अब मंचों को भी सम्भालना होगाऔर उसकी मर्यादा की रक्षा के लिए तत्पर रहना पड़ेगा। इस संग्रह की पहली कविता लोक सभा चुनाव के दौरान लिखी गयी थी। कवि ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से देश के अच्छे भविष्य की उम्मीद की आशा के साथ इस कविता को लिखा है। हालांकि पहली कविता से मोदी विरोधी थोड़े और नाराज हो सकते हैं, क्योंकि उनकी नाराजगी तभी से आरंभ हो चुकी होगी जब उन्होंने पुस्तक का समर्पण पृष्ठ खोलकर देखा होगा, क्योंकि कवि ने अपने इस कविता संग्रह को देश के प्रधानसेवक श्री नरेंद्र दामोदरदास मोदी को सादर समर्पित किया है।
           कविता संग्रह की दूसरी कविता "कवि घंटाल" आज के लेखक समुदाय पर करारा प्रहार करती है। आज का लेखक क्या सोचता है उसकी मानसिकता कैसी है? वह खुद में स्वयंभू है और सम्मान पाने के लिये किस तरह से सांठ-गांठ करता है इस पर एक दृष्टि कविता की निम्न पंक्तियों के माध्यम से डालिएगा : -
"हमने लिख लईं कविता चार
अब करनो है इनको प्रचार
दुय-चार हमें सम्मान दिलाय देओ
किनके पांव छूने बताय देओ
मालिश करनी तो बऊ करएँ
पदमश्री तक हम नहीं टरएँ
आओ एक- दूजे की पीठ खुजाएँ
मिल-जुल के आगे बढ़ जाएँ।
यकीनन उपरोक्त पंक्तियाँ आज के परिप्रेक्ष्य में एक ऐसी सच्चाई है जिसको समाज जानते हुए भी स्वीकार करने से परहेज करता है। इस संग्रह की यह कविता मुझे बेहद पसंद आयी। चूंकि कवि पुलिस विभाग में कार्यरत है तो इसकी रचनाओं में इसका असर भी दिखता है। कवि समाज और पुलिस दोनों की भूमिकाओं को तीसरी नजर से देखता और कम शब्दों में तीखे बाण तानता हुआ दिखा। कवि का पुलिसिया अनुभव भी इसकी कविताओं जगह बनाने में कामयाबी पाता है। जहाँ ये कविता के माध्यम से जेबकतरों से डरवाने के साथ-साथ सतर्क भी करता है। कवि कटाक्ष करने हेतु कहीं देवदास बन बैठा है तो कहीं बिंदास लड़का। असहिष्णुता की आड़ में राजनीति करने वाले साहित्यकार भी कवि की व्यंग्य दृष्टि  से बच नहीं पाए। सम्मान लौटाने की उत्कंठा इतनी कि उसके मन में विचार आता है : -
"हम अपुरस्कृत लोग
दुख व पीड़ा से
उदास और बेचैन हो
अक्सर छटपटाते
काश!
हम भी सम्मान लौटा पाते।
इन पंक्तियों को पढ़कर कवि की मानसिक छटपटाहट को महसूस कर सकता है कि वह क्या सोचता है? कविताओं के अगले क्रम में ही एक कविता शीर्षक है "विनती सुन लो भगवान" जो कि देश में मँहगाई की समस्या पर लिखी गई है। टमाटर और प्याज के बढ़ते दामों से कवि इतना प्रभावित है कि वह अगले जनम खुद ही टमाटर और प्याज बनने की प्रार्थना भगवान से कर बैठता है।
           संग्रह की एक कविता " होली तो हो ली" समाज व हमारे तीज-त्यौहारों पर  सोशल मीडिया किस तरह से काबिज़ हो चुका है इस पर कवि ने इस कविता के द्वारा जोरदार व्यंग्य कसा है। यह एक ऐसा कविता संग्रह हैं जिसमें पाठक को हर क्षेत्र व विषय पर हँसातीं और गुदगुदातीं रचनाएँ मौजूद हैं। चूंकि व्यंग्य एक ऐसी विधा है जिसके माध्यम से बड़े से बड़े गम्भीर मुद्दों पर चोटिल प्रहार किया जाता है । कवि ने समाज में व्याप्त छोटे-छोटे मुद्दों को भी बड़ी संजीदगी से उठाया  है और उठाकर आराम -आराम से धो-धो कर पछाड़ा है। अलबत्ता  इस संग्रह को मैं व्यंग्य कविताओं का मिक्स वेजिटेबल नाम देती हूँ जो थोड़ा मीठा-नमकीन और थोड़ा तीखा है। जिसको पढ़कर आपको भी उतना ही आनंद आयेगा जितना कि मुझे आया। समाज में व्याप्त अनियमितताओं, कुरीतियों व विद्रूपता को इस कविता संग्रह में इतने अच्छे ढंग से रखा गया है कि पाठकगण का ध्यान संग्रह पढ़ने के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों पर विचार- विमर्श के लिए बाध्य करेगा है। सुमित प्रताप सिंह को इस कविता संग्रह हेतु हार्दिक बधाई एवं उज्जवल भविष्य हेतु शुभकामनाएँ!
पुस्तक -  सावधान!पुलिस मंच पर है।
लेखक-   सुमित प्रताप सिंह
प्रकाशक- हिन्दी साहित्य निकेतन, बिजनौर, उ.प्र.
पृष्ठ - 104
मूल्य -  200 रुपए
समीक्षक - शशि पाण्डेय, नई दिल्ली।
इस पुस्तक को आप निम्न लिंक पर क्लिक करके Online भी मँगवा सकते हैं : -

मंगलवार, 12 जनवरी 2016

सावधान पुलिस मंच पर है का लोकार्पण व शोभना सम्मान


दिल्ली : हर वर्ष की भांति इस बार भी शोभना वेलफेयर सोसाइटी ने शोभना सम्मान समारोह का आयोजन किया। यह सोसाइटी द्वारा आयोजित तीसरा सम्मान समारोह था। इस बार भी सोसाइटी द्वारा देश भर से विभिन्न क्षेत्रों में अपना सक्रिय योगदान देनेवाले सुधीजनों को शोभना सम्मान-2015 से विभूषित किया गया। यह सम्मान समारोह आज दिनांक 9 जनवरी, 2016 को नई दिल्ली में प्रगति मैदान में आयोजित होनेवाले विश्व पुस्तक मेले में लेखक मंच पर दोपहर 2.30 से सांय 4 बजे के बीच आयोजित किया गया। 


इस सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध व्यंग्यकार डॉ. हरीश नवल थे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता व्यंग्ययात्रा त्रैमासिक पत्रिका के संपादक डॉ. प्रेम जनमेजय ने की। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि की भूमिका वरिष्ठ साहित्यकार प्रताप सहगल ने निभाई एवं सानिध्य रहा शोभना वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्षा शोभना तोमर का तथा इस कार्यक्रम का सफल संचालन युवा साहित्यकार सुमित प्रताप सिंह ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ युवा साहित्यकार सुमित प्रताप सिंह की चौथी पुस्तक ‘सावधान पुलिस मंच पर है’ का लोकार्पण करके किया गया। 

पुस्तक लोकार्पण के पश्चात् सुमित ने अपनी चिर-परिचित विशिष्ट शैली में इसी पुस्तक में संग्रहित ‘अच्छा है बकरापन’ कविता सुनाकर श्रोताओं का मनोरंजन किया। हल्द्वानी के युवा व्यंग्यकार ने सुमित की लेखन शैली पर अपना वक्तव्य देते हुए बताया कि सुमित की लेखन शैली बिलकुल अलग प्रकार की है और उनके द्वारा लेखन में लिए गए नए-नए विषय हरिशंकर परसाईं की लेखन शैली का स्मरण कराते हैं। मुख्य अतिथि डॉ. हरीश नवल ने कहा कि सुमित के लेखन में अपार संभावनाएँ हैं। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक में विभिन्न रस मौजूद हैं और सुमित की विशेषता है कि इनके लेखन में मलीनता नहीं है। सुमित यदि हास्य लिखना आरंभ करते हैं तो उसे पढ़कर निर्मल आनंद की अनुभूति होती है और इनका श्रृंगार रस में लेखन अच्छा है। इसके साथ उन्होंने सुमित को लेखन में सुनहरे भविष्य की शुभकामनाएँ दी. श्रीमती शशि सहगल ने सुमित की पुस्तक की प्रशंसा की और उनकी कविता ‘एक लड़की मुझको भाती है’ को विशेष रूप से सराहा। विशिष्ट अतिथि प्रताप सहगल व कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ. प्रेम जनमेजय के अध्यक्षीय भाषण के उपरांत शोभना सम्मान-2015 का वितरण किया गया।
शोभना सम्मान-2015 प्राप्त करनेवालों की सूची निम्नलिखित है : -
साहित्य- श्री बलराम, श्री सूरज प्रकाश, श्री अनूप श्रीवास्तव, लघुकथा साहित्य - श्री श्याम सुन्दर अग्रवाल, संपादन- डॉ. राकेश पाण्डेय, डॉ. रणविजय राव, श्री आशीष कंधवे, श्रीमती शिल्पा श्रीवास्तव, श्री प्रदीप कुमार, श्री अनूप वाजपेयी, समाज सेवा– श्री गोपाल भगत एवं डॉ. अनुभूति भटनागर, कला- सुश्री अर्चना शाह अग्रवाल, आलोचना - डॉ. रमेश तिवारी, व्यंग्य - श्री गौरव त्रिपाठी, कंप्यूटर शिक्षा- श्री नितिन जैन
कार्यक्रम के अंत में डॉ. राकेश पांडेय द्वारा वरिष्ठ साहित्यकार रवीन्द्र कालिया के निधन के विषय में सूचित किए जाने पर शोभना सम्मान समारोह के उपरांत दो मिनट का मौन रखकर उनकी दिवंगत आत्मा के लिए शांति की प्रार्थना की गयी।
इस अवसर पर सोसाइटी के सचिव धैर्य प्रताप सिकरवार, संयुक्त सचिव मोहन कुमार, वरिष्ठ पत्रकार गुलशन भाटी, रामजनम सिंह, वेद प्रकाश शास्त्री, बी.के.सिंह, रशीद अहमद, मो. रेहान व रविन्द्र चौहान इत्यादि सुधीजन मौजूद रहे।

रिपोर्ट : संगीता सिंह तोमर 

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...