Poem लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Poem लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 1 अक्टूबर 2017

कविता : घर में बुजुर्ग होने का अर्थ


('अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस' पर विशेष कविता)

घर में बुजुर्ग होने का अर्थ है
जीवन की एक विशेष पाठशाला का होना
जिसमें मिल सकते हैं हमको
नित्य नए-नए सबक

घर में बुजुर्ग होने का अर्थ है
तजुर्बों को अपने मस्तिष्क में संजोए हुए
एक तजुर्बेकार व्यक्तित्व की उपस्थिति
जो सिखा सकता है हमें
गलत और सही में सच्चा फर्क

घर में बुजुर्ग होने का अर्थ है
अपनी जिम्मेवारियों को
बखूबी निभा लेने के बाद भी
जिम्मेवारियों का बोझ उठाए हुए
एक बहुत ही खास शख्सियत

घर में बुजुर्ग होने का अर्थ है
अपने हृदय में
स्नेह का सागर भरे हुए
एक प्यारी सी मानव कृति

घर में बुजुर्ग होने का अर्थ है
हमारे परिवार के चारों ओर
एक मजबूत चारदीवारी का होना
जो करती है सुरक्षा
हर असंभावित खतरे से

इसलिए बुजुर्ग आदणीय हैं, वंदनीय हैं
और हमारे घर के अभिन्न अंग हैं
यदि बुजुर्गों का आशीष हमारे संग है
तो फिर इस जीवन में उमंग ही उमंग है।

लेखक : सुमित प्रताप सिंह

शुक्रवार, 14 अक्टूबर 2016

कविता : राम जाने

 एक विश्वविद्यालय में 
रावण के वंशजों ने 
राम के वंशज का 
पुतला जलाया
और जोर-जोर से
हो-हल्ला मचाया
देखो-देखो हमने
रावण को जलाया 
ये देख रावण ने
अपना सिर खुजाया
और उनकी मूर्खता पर 
मंद-मंद मुस्कुराया 
फिर अपने वंशजों से
हँसते हुए बोला 
बेटा राम से 
लिया था मैंने पंगा तो 
उन्होंने मुझको 
लगा दिया था ठिकाने 
अब तुमने उसके 
वंशज को छेड़ा है 
अब तुम्हारा क्या होगा
ये तो राम ही जाने।
 लेखक : सुमित प्रताप सिंह 


बुधवार, 21 सितंबर 2016

कविता : हल्के लोग

हल्के लोग
करते हैं सदैव
हल्की ही बातें
और करते हैं 
सबसे ये उम्मीद क़ि
उनकी हल्की बातों को
भारी माना जाए
इसके लिए देते हैं
वे बड़े-बड़े और
भारी-भारी तर्क
जब भी उन्हें
समझाया जाए
उनके हल्के
होने के बारे में
तो उतर आते हैं
वे अपने हल्केपन पर।

लेखक : सुमित प्रताप सिंह

बुधवार, 7 मई 2014

दुखी इंसान


एक दुखी इंसान
पहने लुंगी-बनियान
कूड़ा फैंककर आ रहा है
शादी करके पछता रहा है

बीते दिन याद करता है
ठंडी आहें भरता है
हर लड़की पर मरता है
पर अपनी बीबी से डरता है
बीते दिन याद करके
दुखी गीत गा रहा है

सुबह जल्दी उठता है
रात को देर से सोता है
पूरा दिन जीवन उसका
भाग-दौड़ भरा होता है
प्याज काटते-काटते
असली आँसू बहा रहा है

सबको खाना खिलाता है
फिर बच्चों को पढ़ाता है
उनके सो जाने के बाद
बीबी के पैर दबाता है
जिसने शादी करवाई
उसे वह पंडित याद आ रहा है.
एक दुखी इंसान
शादी करके पछता रहा है

सुमित प्रताप सिंह 
इटावा, नई दिल्ली, भारत 

सोमवार, 17 मार्च 2014

होली तो हो ली

सुबह-सबेरे उठकर
जो आँख अपनी खोली
व्हाट्स एप्स पे संदेशा पाया
आज है जी होली
फेसबुक पर चली फिर
हँसी और ठिठोली
लाइक-कमेंट के भँवर में
दुनिया तो खो ली
गूगल प्लस पर दिखी
रंग-बिरंगी  रंगोली
मित्रों को शेयर कर दी
वो होली की रंगोली
ट्विटर पर चीं-चीं करें
सखा और सहेली
होली तो बन गई
बस इंटरनेट की सहेली
न तो गुलाल लगा
न ही रंग चिपटा बदन से
पर पूरे जग ने मना ली
मजेदार होली
अब याद आ रही है
वो फाग की मस्ती
वो यारों का संग
वो अपनों की बस्ती
जो अब तक न छूटे
वो प्यार के गाढ़े रंग
कभी बसती थी दिलों में
वो स्नेह-प्रेम की उमंग
हमें एक करके भी
छीन लिया एका
वर्चुअल संसार ने लिया
जबसे त्यौहारों का ठेका
इंटरनेट से हुई थी शुरू
जो धमाकेदार होली
वो यहीं से शुरू
और यहीं खत्म हो ली
अब लोग आउट कर
बंद करें हँसी-ठिठोली
होली तो यारो
कबकी हो ली.

सुमित प्रताप सिंह


इटावा, दिल्ली, भारत 
चित्र गूगल से साभार 

सोमवार, 10 मार्च 2014

सच्चा प्यार (कविता)


जब तू मिलेगी
किसी मोड़ पर
तो तुझे बताऊंगा 
कि तुझसे प्यार था सच्चा
फिर तू पूछेगी मुझसे
कि जो प्यार था सच्चा 
तो तू जब हुई
किसी और की
तो क्यों न झुलसा दिया
तेरा चेहरा तेजाब से
या क्यों न 
कतरा तेरा गला 
छुरे की धार से
या फिर भून क्यों न दिया
बदन को तेरे
पिस्तौल के हर कारतूस से
और मैं मुस्कुरा के कहूँगा
पगली सच्चा प्यार था
तभी तो ये सब न किया गया।


सुमित प्रताप सिंह 


इटावा, नई दिल्ली, भारत 
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...